Headlines

Dehradun: शहरी विकास की योजनाओं पर सीएम धामी सख्त, स्वच्छता और नागरिक सुविधाओं में हो सुधार का निर्देश

Dehradun: शहरी विकास की योजनाओं पर सीएम धामी सख्त, स्वच्छता और नागरिक सुविधाओं में हो सुधार का निर्देश
शेयर करे-

Dehradun: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को सचिवालय में शहरी विकास विभाग की विभिन्न गेम चेंजर योजनाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने राज्य के सभी नगरीय क्षेत्रों में स्वच्छता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छता के प्रति जनता को जागरूक किया जाए और इसमें जनभागीदारी भी सुनिश्चित की जाए।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्वच्छता सर्वेक्षण में बेहतर प्रदर्शन करने वाले नगर निकायों को प्रोत्साहित किया जाए। इसके साथ ही स्ट्रीट लाइट व्यवस्था, सीवर लाइन, पार्किंग, ट्रैफिक प्रबंधन और ई-वेस्ट निस्तारण जैसी नागरिक सुविधाओं को भी मजबूत किया जाए।

श्री धामी ने नगर निकायों की राजस्व बढ़ोतरी के लिए नवाचारों को अपनाने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि शहरी क्षेत्रों में नए पार्कों का निर्माण तथा पुराने पार्कों का सौंदर्यीकरण और बेहतर रख-रखाव सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही शहरी विकास विभाग के अधीन संचालित केंद्र प्रायोजित योजनाओं पर भी प्राथमिकता से कार्य करने के निर्देश दिए।

समीक्षा बैठक में शहरी विकास सचिव नितेश झा ने जानकारी दी कि प्रदेश के विभिन्न शहरों में आधुनिक सुविधाओं से युक्त देवभूमि रजत जयंती पार्कों का निर्माण किया जा रहा है, जिनमें योग, वॉक और ओपन जिम की व्यवस्था होगी। ये पार्क 9 नवंबर 2026 तक बनकर तैयार हो जाएंगे।

उन्होंने बताया कि नगरीय क्षेत्रों में प्रतिवर्ष 50 लाख लीटर वर्षा जल संचय की योजना पर कार्य किया जा रहा है। साथ ही सभी 11 नगर निगमों में स्ट्रीट लाइट प्रबंधन के लिए केन्द्रीयकृत नियंत्रण प्रणाली स्थापित की जा रही है।

बैठक में अवस्थापना अनुश्रवण परिषद के उपाध्यक्ष विश्वास डाबर, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, आर. मीनाक्षी सुंदरम, सचिव श्रीधर बाबू अदांकी, अपर सचिव गौरव कुमार, सीपीपीजीजी के अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी मनोज पंत समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

For latest news updates click here

For English news updates click here  

Pal ad

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *