Dehradun: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून और पर्यटन नगरी मसूरी में बम विस्फोट की धमकियों ने पुलिस और प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। सोशल मीडिया पर एक इंस्टाग्राम पोस्ट और ई-मेल के माध्यम से कई पुलिस थानों, सरकारी कार्यालयों तथा प्रमुख प्रतिष्ठानों को उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं।
जानकारी के अनुसार, एक इंस्टाग्राम आईडी से किए गए पोस्ट में देहरादून जिले के कई पुलिस थानों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई। पोस्ट सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन तत्काल सक्रिय हो गया। मसूरी और देहरादून शहर कोतवाली समेत संबंधित थानों में जांच शुरू कर दी गई है। साइबर सेल की टीम इंस्टाग्राम आईडी की पड़ताल कर पोस्ट करने वाले व्यक्ति की पहचान करने में जुटी है।
वहीं मसूरी नगर पालिका परिषद और प्रशासन को ई-मेल के जरिए भी बम धमकी मिली है। ई-मेल में मसूरी नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी के कार्यालय समेत देहरादून और दिल्ली के कई स्थानों पर बम विस्फोट करने की बात कही गई है। धमकी भरे संदेश में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, विभिन्न सरकारी संस्थानों, धार्मिक स्थलों और रेलवे स्टेशनों को भी निशाना बनाने का उल्लेख किया गया है।
बताया जा रहा है कि यह ई-मेल नगर पालिका परिषद और उपजिलाधिकारी (एसडीएम) मसूरी के आधिकारिक ई-मेल पते पर प्राप्त हुआ। धमकी मिलने के बाद पुलिस, प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों ने जांच तेज कर दी है। संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और निगरानी बढ़ा दी गई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि धमकी की सत्यता की जांच की जा रही है। साइबर विशेषज्ञों की मदद से ई-मेल और सोशल मीडिया पोस्ट के स्रोत का पता लगाया जा रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां हर पहलू पर नजर बनाए हुए हैं।

Chief Editor, Aaj Khabar
