Dehradun: देहरादून के पटेल नगर कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने लोगों को झकझोर दिया। लालपुर के पास एक सिटी बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे मौजूद लोगों पर चढ़ गई, जिससे छह से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस की रफ्तार तेज थी और अचानक नियंत्रण खोने के बाद उसने कई लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू करते हुए घायलों को ई-रिक्शा और ऑटो की मदद से अस्पताल पहुंचाया।
घायलों में दो मजदूर भी शामिल बताए जा रहे हैं। जानकारी के मुताबिक, घटना के समय एंबुलेंस समय पर मौके पर नहीं पहुंच सकी, जिसके चलते स्थानीय लोगों को ही घायलों की मदद करनी पड़ी।
हादसे के बाद क्षेत्र में लंबा जाम लग गया और दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गईं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात को सुचारु कराने के साथ राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
पुलिस ने बस चालक को हिरासत में ले लिया है। प्रारंभिक जानकारी में चालक को दौरा पड़ने की बात सामने आई है, हालांकि पुलिस का कहना है कि हादसे के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा। सभी घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है।

Chief Editor, Aaj Khabar
