Dehradun: मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने राज्य के सभी सरकारी और गैर-सरकारी भवनों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं को मजबूत करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सभी सचिवों और जिलाधिकारियों को ऊंची इमारतों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों, असुरक्षित निकासी मार्गों तथा तंग गलियों में स्थित भवनों का अनिवार्य स्थलीय सर्वे कराने के आदेश दिए हैं। इस अभियान का उद्देश्य संभावित अग्नि दुर्घटनाओं के जोखिम को समय रहते समाप्त करना और सुरक्षा मानकों को प्रभावी ढंग से लागू करना है।
मुख्य सचिव ने सभी विभागों को अपने-अपने क्षेत्रों का व्यापक सेफ्टी ऑडिट कराने की जिम्मेदारी भी सौंपी है। उन्होंने निर्देश दिए कि सर्वे के बाद सभी भवनों में फायर सेफ्टी नॉर्म्स का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही संबंधित अधिकारियों को सुरक्षा मानकों की नियमित निगरानी करने और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने की चेतावनी दी गई है।

Chief Editor, Aaj Khabar
