Headlines

Dehradun: मुख्यमंत्री ने 1232 नर्सिंग अधिकारियों को दिए नियुक्ति पत्र, दून मेडिकल कॉलेज सभागार का किया लोकार्पण

Dehradun: मुख्यमंत्री ने 1232 नर्सिंग अधिकारियों को दिए नियुक्ति पत्र, दून मेडिकल कॉलेज सभागार का किया लोकार्पण
शेयर करे-

Dehradun: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को राजकीय दून मेडिकल कॉलेज, पटेलनगर में प्रदेश के सरकारी मेडिकल कॉलेजों में नियुक्त 1232 नवनियुक्त नर्सिंग अधिकारियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इस मौके पर उन्होंने 26 करोड़ रुपये की लागत से बने दून मेडिकल कॉलेज के नवनिर्मित सभागार का भी लोकार्पण किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि नवनियुक्त नर्सिंग अधिकारी मरीजों को त्वरित और बेहतर चिकित्सा सेवाएँ उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कोरोना महामारी के दौरान नर्सिंग स्टाफ और स्वास्थ्य कर्मियों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि वे फ्रंटलाइन वॉरियर्स की तरह बिना किसी स्वार्थ के सेवा में लगे रहे।

मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार लगातार राज्य की स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के लिए प्रयासरत है। आयुष्मान योजना के तहत अब तक 11 लाख से अधिक मरीजों को 2100 करोड़ रुपये से अधिक के कैशलेस इलाज का लाभ मिल चुका है। साथ ही, राज्य के हर जिले में मेडिकल कॉलेज की स्थापना की जा रही है, जिससे दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को भी आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने कहा कि प्रदेश में स्टाफ की कमी को दूर करने के लिए बड़े पैमाने पर भर्तियां की गई हैं। बीते साढ़े तीन वर्षों में 22 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी जा चुकी है।

चिकित्सा स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि लोगों को घर के पास ही किफायती और बेहतर इलाज मिले। उन्होंने बताया कि पिथौरागढ़ और रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज जल्द शुरू किए जाएंगे, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं के साथ-साथ रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि मेडिकल कॉलेजों में कार्मिकों की नियुक्ति, संविदा कर्मचारियों के मानदेय में संशोधन और नर्सिंग स्टाफ के समायोजन की प्रक्रिया जारी है।

इस अवसर पर विधायक खजान दास, चिकित्सा शिक्षा निदेशक डॉ. आशुतोष सयाना, दून मेडिकल कॉलेज की प्राचार्य डॉ. गीता जैन और अन्य मेडिकल कॉलेजों के प्राचार्य भी उपस्थित रहे।

Dehradun

For latest news updates click here 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *