Dehradun: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मुख्यमंत्री आवास से वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जाए और उनकी समयबद्ध ढंग से निगरानी की जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पब्लिक सर्विस डिलीवरी, गड्ढा मुक्त सड़कें, पेयजल आपूर्ति और वनाग्नि नियंत्रण जैसे विषयों पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी जनपदों में नियमित जनता दरबार, तहसील दिवस और बहुउद्देशीय शिविरों का आयोजन कर जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाए।
मुख्यमंत्री धामी ने अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाने, खाद्य पदार्थों की सैंपलिंग करने और बरसात से पहले नालों की सफाई एवं रिवर ड्रेजिंग का कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आगामी चारधाम यात्रा की तैयारियों को लेकर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी की जाएं। यात्रा मार्गों की सड़कों का स्थलीय निरीक्षण किया जाए और कंट्रोल रूम पूरी तरह सक्रिय रखें जाएं।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि सभी जनपदों की सड़कों को अगले 15 दिनों में गड्ढा मुक्त कर दिया जाए। इसके अलावा, 3 साल से अधिक समय से एक ही स्थान पर तैनात कर्मचारियों के तबादले की कार्रवाई भी जल्द की जाए। गर्मी के मौसम को देखते हुए पेयजल और विद्युत आपूर्ति की सुचारू व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचे और इन योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए।
बैठक में अपर मुख्य सचिव आर.के सुधांशु, सचिव शैलेश बगौली, गढ़वाल कमिश्नर विनय शंकर पांडेय, अपर पुलिस महानिदेशक ए.पी अंशुमान, उपाध्यक्ष एमडीडीए बंशीधर तिवारी सहित सभी जिलाधिकारी वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए।
For latest news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar

