Mussoorie: भारत तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) बल को सोमवार को 36 नए युवा अधिकारी मिल गए। एक वर्ष की कड़ी ट्रेनिंग के बाद इन अधिकारियों ने मसूरी में आयोजित भव्य पासिंग आउट परेड के जरिए बल की मुख्यधारा में प्रवेश किया। दीक्षांत और शपथ ग्रहण समारोह के दौरान सभी अधिकारियों ने संविधान और बल के प्रति निष्ठा की शपथ ली।
इस परेड में 27 सहायक सेनानी/जीडी, एक उप सेनानी/वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी, आठ सहायक सेनानी/चिकित्सा अधिकारी और चार महिला चिकित्सा अधिकारी शामिल रहे। इन अधिकारियों को युद्ध कौशल, शस्त्र संचालन, फील्ड इंजीनियरिंग, आसूचना, मानवाधिकार और प्रशासनिक कार्यों की गहन ट्रेनिंग दी गई थी।
आईटीबीपी के अपर महानिदेशक (वेस्टर्न कमांड) संजय कुमार चौधरी परेड के मुख्य अतिथि रहे। उन्होंने नए अधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि आईटीबीपी की अग्रिम चौकियां अत्यंत विषम परिस्थितियों में स्थित हैं, जहां तापमान माइनस 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाता है। उन्होंने विश्वास जताया कि नए अधिकारी धैर्य, साहस और समर्पण के साथ देश की सेवा करेंगे।
देशभर के विभिन्न राज्यों से चयनित अधिकारी
परेड में पास आउट होने वाले अधिकारियों में हरियाणा से 7, उत्तर प्रदेश से 6, केरल से 4, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली से 3-3, मध्य प्रदेश, तमिलनाडु और मणिपुर से 2-2, जबकि महाराष्ट्र, बिहार, कर्नाटक और लद्दाख से 1-1 अधिकारी शामिल रहे।
उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों को सम्मान
29वें सहायक सेनानी/जीडी कोर्स के श्रेष्ठ प्रशिक्षणार्थी राहुल कुमार यादव को ‘होम मिनिस्टर सॉर्ड ऑफ ऑनर फॉर बेस्ट ऑल राउंड ट्रेनी’ और ‘बेस्ट आउट डोर ट्रेनी’ का सम्मान मिला। अन्य पुरस्कार विजेताओं में विकास नेगी (बेस्ट स्पोर्ट्स पर्सन), तरुण (बेस्ट इंडोर ट्रेनी), अजय सिंह (बेस्ट मार्क्स ट्रेनी) और डॉ. एलन सेबेस्टियन (ऑल राउंड बेस्ट ट्रेनी) शामिल रहे।
समारोह के साथ आईटीबीपी को नई ऊर्जा और नया नेतृत्व मिल गया है, जो सीमाओं की रक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
For latest news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar
