Dehradun: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कांग्रेस में हुए नेतृत्व परिवर्तन और नई समिति के गठन को महज औपचारिक प्रक्रिया बताते हुए कहा कि इससे चुनाव परिणामों पर कोई प्रभाव नहीं पड़ने वाला है। उन्होंने कहा कि जनता कांग्रेस की हर गतिविधि को भली-भांति समझती है और यह कदम केवल आंतरिक गुटबाजी से ध्यान हटाने की कोशिश है।
पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए भट्ट ने कहा कि समिति में शामिल किए गए चेहरे कांग्रेस के बड़े गुटों का प्रतिनिधित्व करते हैं, जिनसे राज्य की जनता भी भली-भांति परिचित है। उनका कहना था कि इस रणनीति से कांग्रेस को कितना फायदा मिलेगा यह बाद की बात है, लेकिन इससे पार्टी के भीतर नए गुटों का उभरना तय है। उन्होंने यह भी दावा किया कि कांग्रेस में चर्चा है कि उनके वरिष्ठ नेता को सेवानिवृत्ति का संकेत दिया गया है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस संगठन की संरचना उसका आंतरिक मामला है, लेकिन विकास कार्यों पर उसकी नकारात्मक प्रतिक्रिया पूरी तरह तथ्यों के विपरीत है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड विकास और भ्रष्टाचार विरोधी कानूनों के कारण आज देश में रोल मॉडल के रूप में खड़ा है।
भट्ट ने कहा कि दुष्प्रचार से जीत हासिल करना अब संभव नहीं है। बिहार का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार और कुशासन में डूबे लोगों ने सदाचार का ढोंग किया, लेकिन जनता ने उन्हें उचित जवाब दिया। यही संदेश उत्तराखंड में भी साफ दिख रहा है—जनता नकारात्मक राजनीति को स्वीकार नहीं करेगी।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड आज तेज गति से विकास कर रहा है और आगामी दशक का श्रेष्ठ राज्य बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य में लाखों करोड़ रुपये के विकास कार्य जारी हैं। पीएम हर दौरे पर राज्य को नई सौगातें देते रहे हैं। जनता का भाजपा पर विश्वास अटूट है और यह विश्वास 2027 में भी निर्णायक रूप से दिखाई देगा।

Chief Editor, Aaj Khabar
