Dehradun: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर उत्तराखंड पुलिस द्वारा शुरू किए गए ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत देशभर में साइबर ठगों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है। इस विशेष अभियान में अब तक 17 राज्यों से 290 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है, जो कि किसी एकल अभियान में अपराधियों की सबसे बड़ी धरपकड़ मानी जा रही है।
मुख्यमंत्री धामी ने पुलिस महकमे को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा था, “अपराधी देश के जिस कोने में भी छिपा हो, उसको तलाश के अदालत तक घसीट लाना है।” इस संदेश को अमल में लाते हुए उत्तराखंड पुलिस ने देश के विभिन्न हिस्सों में फैले साइबर अपराधियों के खिलाफ ताबड़तोड़ छापेमारी की। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश, राजस्थान, गुजरात, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, कर्नाटक, तमिलनाडु, तेलंगाना, आंध्रप्रदेश, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, केरल और गोवा सहित 17 राज्यों में एक साथ बड़े पैमाने पर अभियान चलाया गया।
कुछ महीने पहले उत्तराखंड साइबर हमलों का शिकार हुआ था, जिसके बाद मुख्यमंत्री ने साइबर सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पुलिस को तकनीकी रूप से सशक्त बनाने, साइबर थानों के पुनर्गठन और इंटेलिजेंस नेटवर्क के विस्तार के निर्देश दिए थे। उसी के तहत ‘ऑपरेशन प्रहार’ की रणनीति बनाई गई और उसे क्रियान्वित किया गया।
अभियान को सफल बनाने में अन्य राज्यों की पुलिस और केंद्रीय एजेंसियों ने उत्तराखंड पुलिस को पूर्ण सहयोग प्रदान किया। इस साझा प्रयास से साइबर अपराधियों के लिए यह मुहिम एक बड़ी चुनौती बन गई है। उत्तराखंड अब न केवल एक प्रमुख पर्यटन और तीर्थाटन केंद्र है, बल्कि साइबर अपराध के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने वाला एक मॉडल राज्य बन कर उभरा है।
For latest news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar
