॰ दिल्ली देहरादून हाईवे पर हादसे के बाद करीब 200 मीटर दूर जाकर पलटा 16 टायर ट्रक, हाइड्रा की मदद से हटाया गया वाहन; घायलों को दून अस्पताल भेजा गया
Dehradun: देहरादून में रविवार सुबह दिल्ली-देहरादून हाईवे पर मोहब्बेवाला चौक के पास दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हरियाणा के फरीदाबाद का बताया जा रहा 16 टायर सीमेंट लदा ट्रक एक बाइक से टकराने के बाद अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर आगे जाकर पलट गया। हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद सड़क पर मांस के टुकड़े बिखरे दिखाई दिए।
जानकारी के अनुसार, ट्रक सहारनपुर से सीमेंट लेकर आशारोड़ी की ओर से देहरादून शहर की तरफ आ रहा था। मोहब्बेवाला के पास ट्रक की एक बाइक से टक्कर हो गई। टक्कर के बाद ट्रक अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर आगे जाकर सड़क पर पलट गया। हादसे में 50 वर्षीय जमील की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बबलू और रोली गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही आईएसबीटी चौकी प्रभारी, क्लेमेनटाउन फायर टीम और पटेलनगर पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक की जेब से मिले आधार कार्ड के आधार पर उसकी पहचान जमील (50), निवासी छुटमलपुर, जिला सहारनपुर के रूप में हुई है।
वहीं, हादसे में घायल बबलू (45) और रोली (18), दोनों निवासी मोहब्बेवाला, देहरादून बताए जा रहे हैं। दोनों घायलों को इलाज के लिए राजकीय दून चिकित्सालय भेजा गया है।
हादसे के बाद हाईवे पर यातायात प्रभावित हो गया। पुलिस और संबंधित टीमों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। हाइड्रा की मदद से सड़क पर पलटे ट्रक को हटाने का काम किया गया, ताकि यातायात को सुचारु कराया जा सके।
पुलिस ने मृतक के शव को कोरोनेशन अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। पंचायतनामा की कार्रवाई की जा रही है। हादसे के कारणों की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है।
For latest news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar
