Headlines

Nainital: नैनीताल में मासूम पर गुलदार का जानलेवा हमला, हिम्मत दिखाकर भिड़ा 10 वर्षीय बच्चा तो ग्रामीणों को देख भागा तेंदुआ

Nainital: नैनीताल में मासूम पर गुलदार का जानलेवा हमला, हिम्मत दिखाकर भिड़ा 10 वर्षीय बच्चा तो ग्रामीणों को देख भागा तेंदुआ
शेयर करे-

॰ ग्रामीणों को आता देख भागा गुलदार, बच्चे के चेहरे पर पंजों के निशान

॰ विजयपुर गांव में दहशत, वन विभाग से गश्त बढ़ाने की मांग

Nainital: नैनीताल जिले की कालाढूंगी तहसील के विजयपुर गांव में शनिवार देर शाम दुकान से सामान लेकर घर लौट रहे 10 वर्षीय बच्चे पर गुलदार ने हमला कर दिया। घर से करीब 100 मीटर की दूरी पर हुए इस हमले में बच्चा घायल हो गया। हालांकि, अंश ने हिम्मत दिखाते हुए गुलदार का मुकाबला किया और जोर-जोर से चिल्लाने लगा। बच्चे की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जिन्हें आता देख गुलदार वहां से भाग गया।

जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम करीब 7 बजे 10 वर्षीय अंश घर के पास स्थित दुकान से सामान लेकर लौट रहा था। इसी दौरान झाड़ियों में घात लगाकर बैठे गुलदार ने अचानक उस पर झपट्टा मार दिया। हमले में बच्चे के चेहरे पर गुलदार के पंजों के निशान आए हैं। वहीं, उसकी आंखें भी बाल-बाल बच गईं।

गुलदार के हमले के दौरान अंश ने घबराने के बजाय हिम्मत दिखाई और जोर-जोर से चिल्लाने लगा। उसकी आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़े। ग्रामीणों को अपनी ओर आता देख गुलदार भाग गया। समय रहते ग्रामीणों के पहुंचने से बच्चे की जान बच गई।

घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें गुलदार घर के बेहद करीब आराम से बैठा हुआ दिखाई दे रहा है। गुलदार की गांव के आसपास मौजूदगी से ग्रामीणों में डर का माहौल बना हुआ है। लोगों का कहना है कि शाम ढलने के बाद उन्हें घरों के भीतर रहने को मजबूर होना पड़ रहा है।

बेरीपड़ाव में भी गुलदार ने कुत्ते को बनाया शिकार

नैनीताल जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में गुलदार की सक्रियता के बीच हल्द्वानी के बेरीपड़ाव इलाके से भी एक मामला सामने आया है। यहां देर रात गुलदार ने एक पालतू कुत्ते को अपना शिकार बना लिया। लगातार सामने आ रही घटनाओं से ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई है।

गुलदार की बार-बार मौजूदगी को लेकर ग्रामीणों में वन विभाग के खिलाफ आक्रोश है। लोगों ने क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और गुलदार को पकड़ने की मांग की है। वहीं, गदगदिया रेंज के वन क्षेत्राधिकारी (RO) जगदीश जोशी ने बताया कि घायल बालक अंश का इलाज करा दिया गया है। उन्होंने कहा कि नियमानुसार पीड़ित परिवार को आर्थिक मुआवजा दिया जाएगा।

For latest news updates click here

News Update
Image

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *