Dehradun: देहरादून में हुए हिट एंड रन मामले में पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इस हादसे में चार मजदूरों को कुचलने वाली मर्सिडीज कार बरामद कर ली गई है, और पुलिस आरोपी ड्राइवर तक भी पहुंच गई है।
घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें आरोपी एक्सीडेंट के बाद एक बच्चे के साथ स्कूटी पर जाता दिख रहा है। पुलिस के मुताबिक, हादसे के वक्त कार की रफ्तार 70 किमी प्रति घंटा से अधिक थी, और आरोपी अपने लगभग 10 साल के बच्चे के साथ कार चला रहा था।
हादसे के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया और सहस्त्रधारा में एक मैकेनिक को फोन कर गाड़ी के रेडिएटर लीक होने की बात कही। इसके बाद आरोपी ने मैकेनिक की स्कूटी ली और अपनी मर्सिडीज को एक खाली प्लॉट में खड़ी कर फरार हो गया। मैकेनिक को इस बात की जानकारी नहीं थी कि जिसे वह मदद कर रहा था, वह इतनी बड़ी घटना को अंजाम देकर भाग रहा है।
पुलिस को सुबह मैकेनिक से पूरी जानकारी मिली, जिसके बाद आरोपी का नंबर लेकर संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन फोन बंद मिला।
पुलिस ने 50 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिससे आरोपी की गाड़ी और स्कूटी पर जाने के सबूत मिले। देहरादून एसएसपी अजय सिंह के अनुसार, जल्द ही इस पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
For latest news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar

