Nainital: होली पर्व के मद्देनजर शांति व्यवस्था बनाए रखने और महिलाओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए SSP नैनीताल प्रहलाद नारायण मीणा के निर्देश पर हल्द्वानी, नैनीताल रोड, आवास विकास, टीपी नगर, मंडी क्षेत्र, सुभाष नगर, मुखानी और आरटीओ रोड सहित भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस ने विशेष छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान 28 अराजक तत्वों को हिरासत में लिया गया, जबकि 13 अन्य लोगों पर 81 पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए 10,250 रुपये का जुर्माना वसूला गया।
एसपी नगर हल्द्वानी प्रकाश चंद्र के नेतृत्व में पुलिस की विशेष टीमों ने सार्वजनिक स्थलों, होटल-ढाबों और अन्य संवेदनशील इलाकों में दबिश देकर असामाजिक तत्वों पर शिकंजा कसा। पुलिस ने स्पष्ट किया कि शराब पीकर हुड़दंग मचाने, महिलाओं से अभद्रता करने या किसी भी तरह की अराजकता फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
SSP नैनीताल की अपील – सौहार्द से मनाएं त्योहार, असामाजिक तत्वों की दें सूचना
SSP प्रहलाद नारायण मीणा ने कहा कि होली पर्व के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे सार्वजनिक स्थलों पर अनुशासन बनाए रखें और किसी भी तरह की अव्यवस्था में शामिल न हों। साथ ही आम जनता से अनुरोध किया कि यदि वे किसी भी अपराध या अशांति की सूचना पाते हैं, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।
पुलिस का यह अभियान “ऑपरेशन रोमियो” के तहत चलाया गया, जिसका उद्देश्य महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाना है। SSP ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थलों पर किसी भी तरह की अराजकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और असामाजिक तत्वों पर लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।
For latest news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar
