Headlines

Dehradun: धामी सरकार फिर पहुंचेगी जनता के द्वार, 4 जुलाई से शुरू होगा 15 दिवसीय विशेष अभियान

Dehradun: धामी सरकार फिर पहुंचेगी जनता के द्वार, 4 जुलाई से शुरू होगा 15 दिवसीय विशेष अभियान
शेयर करे-

Dehradun: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर उत्तराखंड सरकार 4 जुलाई से प्रदेशभर में 15 दिवसीय विशेष अभियान ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ का दूसरा चरण शुरू करने जा रही है। अभियान के तहत जिला, ब्लॉक और तहसील स्तर पर विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे, जहां विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहकर आम जनता की समस्याओं का मौके पर ही समाधान करेंगे।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। सरकार स्वयं लोगों के बीच पहुंचकर शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करेगी। इसी उद्देश्य के साथ यह अभियान सेवा पखवाड़ा के तहत 4 जुलाई से 15 दिनों तक संचालित किया जाएगा।

अभियान के दौरान जन शिकायतों के निस्तारण के साथ-साथ पात्र लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ भी उपलब्ध कराया जाएगा। प्रदेश सरकार का लक्ष्य प्रशासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित कर सुशासन को और अधिक प्रभावी बनाना है।

गौरतलब है कि पिछले वर्ष दिसंबर में आयोजित 45 दिवसीय ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के तहत प्रदेशभर में 681 शिविर लगाए गए थे। इनमें 5,33,452 से अधिक नागरिकों ने भागीदारी की थी, जबकि करीब 33 हजार शिकायतों का त्वरित समाधान किया गया था। इस पहल को सुशासन की प्रभावी और सफल पहल के रूप में भी सराहा गया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि बिना किसी भागदौड़ के लोगों तक सरकारी सेवाएं पहुंचाना सुशासन की पहली सीढ़ी है। इसी उद्देश्य से अभियान का दूसरा चरण शुरू किया जा रहा है, जिसमें सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *