Nainital: सरोवर नगरी नैनीताल की नैनी झील से मंगलवार को एक अज्ञात शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शव ठंडी सड़क स्थित पाषाण देवी मंदिर के समीप झील में उतराता हुआ दिखाई दिया, जिसके बाद राहगीरों ने तत्काल चीता मोबाइल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही उप निरीक्षक सुनील कुमार के नेतृत्व में पुलिस और जल पुलिस की टीम मौके पर पहुंची तथा शव को झील से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए बीडी पांडे चिकित्सालय भेज दिया।
पुलिस के अनुसार शव काफी पुराना प्रतीत हो रहा है और उसकी अब तक पहचान नहीं हो सकी है। मल्लीताल कोतवाली में दर्ज एक गुमशुदगी से शव का मिलान किया जा रहा है। फिलहाल शव को मोर्चरी में सुरक्षित रखकर पहचान कराने के प्रयास जारी हैं।
गौरतलब है कि पिछले लगभग एक सप्ताह के भीतर नैनी झील से यह तीसरा शव बरामद हुआ है। लगातार मिल रहे शवों की घटनाओं से स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल है और विभिन्न तरह की चर्चाएं भी हो रही हैं।

Chief Editor, Aaj Khabar
