Headlines

Nainital: लोअर मालरोड मरम्मत में देरी पर आयुक्त सख्त, सीसीटीवी निगरानी के आदेश और PWD अधिकारियों से जवाब तलब

Nainital: लोअर मालरोड मरम्मत में देरी पर आयुक्त सख्त, सीसीटीवी निगरानी के आदेश और PWD अधिकारियों से जवाब तलब
शेयर करे-

Nainital: पर्यटन नगरी नैनीताल की प्रमुख लोअर मालरोड की मरम्मत में हो रही लगातार देरी पर कुमाऊँ आयुक्त एवं मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत ने लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकारियों के प्रति कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने विभागीय कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए मुख्य अभियंता को जवाब-तलब किया है और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी है।

आयुक्त दीपक रावत ने बताया कि लोअर मालरोड 15 सितंबर 2025 से क्षतिग्रस्त है और वह स्वयं दो बार स्थलीय निरीक्षण कर चुके हैं। इसके अलावा अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने भी मौके का निरीक्षण किया, लेकिन कार्य की प्रगति बेहद धीमी और असंतोषजनक पाई गई।

उन्होंने कहा कि लोक निर्माण विभाग लगातार कार्य पूर्ण करने की नई-नई समय-सीमा तय कर रहा है। पहले पर्यटन सीजन से पूर्व सड़क तैयार करने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अब विभाग ने 45 दिन का अतिरिक्त समय मांगा है, जिसे गंभीरता से लिया गया है।

दीपक रावत ने निर्देश दिए हैं कि अब निर्माण कार्य की निगरानी CCTV कैमरों के माध्यम से की जाएगी। विभाग को तत्काल कार्यस्थल पर CCTV कैमरे लगाने और उसका लाइव लिंक आयुक्त तथा जिलाधिकारी नैनीताल को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि कार्य की रियल-टाइम मॉनिटरिंग सुनिश्चित हो सके।

आयुक्त ने कहा कि मात्र 40 मीटर सड़क की मरम्मत में लगभग एक वर्ष का समय लग जाना बेहद गंभीर मामला है। उन्होंने लोक निर्माण विभाग से लिखित स्पष्टीकरण मांगा है कि कार्य में इतनी देरी क्यों हुई। साथ ही स्पष्ट किया कि यदि संतोषजनक जवाब नहीं मिला तो संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि लंबे समय से क्षतिग्रस्त इस सड़क के कारण स्थानीय लोगों और पर्यटकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आयुक्त ने दो टूक कहा कि अब कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *