Dehradun: मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना के अंतर्गत मुख्यमंत्री उद्यमशाला चौपाल 2026 का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने देहरादून के आईटी पार्क स्थित तेरह गांव में स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों के विपणन के लिए राज्य स्तरीय विपणन केंद्र स्थापित करने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना के माध्यम से अब तक प्रदेश में 13 हजार से अधिक उद्यमियों को सहयोग दिया जा चुका है, जबकि 8 हजार से अधिक महिला उद्यमियों और स्वयं सहायता समूहों की सदस्यों को उद्यमिता एवं आजीविका के अवसरों से जोड़ा गया है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य उत्तराखण्ड के युवाओं को रोजगार मांगने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बनाना है। राज्य के युवाओं, मातृशक्ति और स्थानीय उत्पादों में देश-दुनिया के बाजार तक पहुंचने की अपार क्षमता है और सरकार उनके हुनर को सही दिशा देने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के माध्यम से प्रदेश में 5 लाख से अधिक ग्रामीण महिलाओं को 70 हजार से अधिक स्वयं सहायता समूहों से जोड़ा जा चुका है। वहीं, 3 लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बनने में सफल रही हैं। पहाड़ी मसालों, मंडुवा, झंगोरा, दाल, शहद, अचार, जैम, हस्तशिल्प, ऊनी उत्पादों और स्थानीय कला को महिलाएं व्यवसाय का रूप दे रही हैं।
उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने के लिए हाउस ऑफ हिमालयाज नामक अंब्रेला ब्रांड तैयार किया गया है। ग्रामीण हाट, विपणन केंद्र, कलेक्शन सेंटर और एग्री सर्विस सेंटर जैसी व्यवस्थाओं को भी मजबूत किया जा रहा है, ताकि किसानों और उद्यमियों को बेहतर बाजार और उचित मूल्य मिल सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण उद्यमिता पलायन रोकने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। ग्रामोत्थान परियोजना के माध्यम से अति निर्धन परिवारों को आजीविका से जोड़कर गांवों में रोजगार के अवसर बढ़ाए जा रहे हैं। प्रदेश के सभी 13 जनपदों में मुख्यमंत्री उद्यमशाला चौपाल आयोजित की जा रही हैं और योजनाओं की जानकारी अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रचार वैन भी गांव-गांव भेजी जा रही हैं।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने लखपति दीदी और महिला उद्यमियों को सम्मानित किया। साथ ही उत्तराखण्ड राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन की पुस्तक और वार्षिक रिपोर्ट का विमोचन किया तथा कृषि, पोषण और एनीमिया रोकथाम से जुड़े विभिन्न प्रशिक्षण मॉड्यूल का लोकार्पण भी किया।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री भरत चौधरी, गणेश जोशी, खजान दास, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक उमेश शर्मा काऊ, विधायक सविता कपूर, सचिव ग्राम्य विकास धीराज गर्ब्याल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।


Chief Editor, Aaj Khabar
