New Delhi: दिल्ली में छात्र प्रदर्शन के दौरान कथित तौर पर पेलेट लगने से आंख में गंभीर चोट झेलने वाले छात्र साहिल के मामले ने तूल पकड़ लिया है। साहिल की शिकायत पर FIR दर्ज न होने का आरोप लगाते हुए लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी साहिल और उसकी मां के साथ DCP कार्यालय पहुंचे और कार्रवाई न होने पर कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गए।
बताया गया कि साहिल और उसकी मां लगातार दिल्ली पुलिस से FIR दर्ज करने की मांग कर रहे हैं। राहुल गांधी पहले उन्हें लेकर कनॉट प्लेस थाने पहुंचे, जहां पुलिस अधिकारियों ने कथित तौर पर बताया कि मामला DCP कार्यालय के पास विचाराधीन है और वहां से जवाब का इंतजार किया जा रहा है।
इसके बाद राहुल गांधी साहिल और उसकी मां के साथ DCP कार्यालय पहुंचे। आरोप है कि वहां भी FIR दर्ज करने की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ी, जिसके बाद राहुल गांधी कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गए।
मामले में यह भी आरोप लगाया गया है कि साहिल की शिकायत का Daily Diary Number या Acknowledgment Number अब तक उपलब्ध नहीं कराया गया है। साथ ही AIIMS की MLC रिपोर्ट मिलने में भी देरी का मुद्दा उठाया गया है।
राहुल गांधी ने साहिल को न्याय और उचित कानूनी कार्रवाई दिलाने की मांग उठाई है। मामले को लेकर गृह मंत्रालय और दिल्ली पुलिस की कार्रवाई पर सवाल खड़े किए जा रहे हैं।

Chief Editor, Aaj Khabar
