Headlines

Dehradun: मुख्यमंत्री धामी ने किया स्वच्छोत्सव-2025 का शुभारंभ, स्वच्छता को जनआंदोलन बनाने का किया आह्वान

Dehradun: मुख्यमंत्री धामी ने किया स्वच्छोत्सव-2025 का शुभारंभ, स्वच्छता को जनआंदोलन बनाने का किया आह्वान
शेयर करे-

Dehradun: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को ‘स्वच्छोत्सव-2025 कार्यक्रम’ का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिवस की शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। साथ ही प्रदेशवासियों को भगवान विश्वकर्मा जयंती की बधाई भी दी।

मुख्यमंत्री ने स्वयं झाड़ू लगाकर स्वच्छता का संदेश दिया और लोगों से इस अभियान से जुड़ने की अपील की। उन्होंने बताया कि 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक प्रदेशभर में सेवा और स्वच्छता से संबंधित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम में उन्होंने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए, स्वच्छता की शपथ दिलाई, पौधारोपण किया और स्वच्छता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान पर्यावरण मित्रों को भी सम्मानित किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में स्वच्छता आंदोलन ने देश को नई दिशा दी है। स्वच्छोत्सव-2025 इसी संकल्प का प्रतीक है और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वस्थ व स्वच्छ भविष्य का वचन है। उन्होंने कहा कि ‘‘स्वच्छ भारत, स्वस्थ भारत’’ का सपना तभी साकार होगा जब हर नागरिक इसे अपनी जिम्मेदारी समझेगा।

उन्होंने बताया कि हाल ही में राष्ट्रीय वायु कार्यक्रम के तहत घोषित स्वच्छ वायु सर्वेक्षण में नगर निगम देहरादून को देशभर में 19वां और स्वच्छता रैंकिंग में 62वां स्थान मिला है, जो पिछले वर्षों से बेहतर है। अब तक राज्य में छह लाख से अधिक परिवारों को शौचालय सुविधा उपलब्ध कराई जा चुकी है। नगर निगम देहरादून ने सफाई संबंधी समस्याओं के निवारण के लिए कंट्रोल रूम स्थापित किया है, साथ ही कूड़ा उठान, सीसीटीवी निगरानी और नियमित सफाई व्यवस्था से शहर की दशा सुधारी जा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी अभियान नहीं बल्कि जीवनशैली का हिस्सा है। उन्होंने ‘‘एक पेड़ माँ के नाम’’ अभियान का उल्लेख करते हुए पौधारोपण को आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित करने का साधन बताया।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, गणेश जोशी, सुबोध उनियाल, सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह, मेयर देहरादून सौरभ थपलियाल, विधायक सविता कपूर, सुरेश गड़िया, हेमराज बिष्ट, सचिव नीतेश झा, नगर आयुक्त नमामि बंसल सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

Dehradun

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *