Dehradun: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में आयोजित उच्च स्तरीय बैठक में ड्रग्स फ्री उत्तराखण्ड अभियान को बड़े स्तर पर संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट किया कि एनडीपीएस एक्ट के तहत दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स को और सशक्त बनाया जाए। आवश्यकता पड़ने पर नए पदों का सृजन भी किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय नारकोटिक्स हेल्पलाइन ‘मानस’ – 1933 का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि आम लोग शिकायत दर्ज करा सकें। उन्होंने निर्देश दिए कि पुलिस, स्वास्थ्य, शिक्षा, समाज कल्याण और अन्य संबंधित विभाग मिलकर कार्यशालाओं का आयोजन करें तथा ड्रग्स फ्री उत्तराखण्ड के लिए विस्तृत एक्शन प्लान तैयार कर अमल में लाएं।
उन्होंने सीमावर्ती क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ाने, बाहरी राज्यों से ड्रग्स की सप्लाई रोकने और दोषियों पर कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही, स्कूलों और कॉलेजों में जागरूकता कार्यक्रम चलाकर युवाओं को नशे से दूर रखने पर जोर दिया।
मुख्यमंत्री ने पुलिस को रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने और ड्रिंक एंड ड्राइव पर सख्त कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए।
बैठक में उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वदेशी वस्तुओं को अपनाने और आत्मनिर्भर भारत बनाने का आह्वान किया है। इस दिशा में प्रदेश में स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए व्यापक अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए शहरी विकास विभाग को नोडल विभाग नियुक्त किया गया है।
बैठक में प्रमुख सचिव आर. के. सुधांशु, आर. मीनाक्षी सुंदरम, सचिव शैलेश बगौली, अपर पुलिस महानिदेशक वी. मुरुगेशन, ए.पी. अंशुमान, गढ़वाल आयुक्त विनय शंकर पांडेय, आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप, विशेष सचिव डॉ. पराग मधुकर धकाते तथा अपर सचिव बंशीधर तिवारी उपस्थित रहे।

Chief Editor, Aaj Khabar
