Dehradun: राजधानी देहरादून के परेड ग्राउंड में आयोजित महिला जन आक्रोश रैली में शुक्रवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हजारों महिलाओं के साथ शिरकत की। इस दौरान मुख्यमंत्री महिलाओं के साथ परेड ग्राउंड से घंटाघर तक निकली जन आक्रोश पदयात्रा में भी शामिल हुए, जिसमें भारी संख्या में मातृशक्ति की उपस्थिति देखने को मिली।
मुख्यमंत्री धामी ने अपने संबोधन में केंद्र सरकार की योजनाओं और महिलाओं के सशक्तिकरण के प्रयासों का जिक्र करते हुए विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की मातृशक्ति को उनका अधिकार दिलाने के उद्देश्य से नारी शक्ति वंदन अधिनियम लाया गया था, लेकिन लोकसभा में विपक्ष के संख्या बल के कारण यह पारित नहीं हो सका। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष ने षड्यंत्रपूर्वक महिलाओं के अधिकारों को रोकने का काम किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की नारी अब जागरूक हो चुकी है और अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने के लिए तैयार है। उन्होंने विपक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के महिला सशक्तिकरण के प्रयासों को विफल कर देश के साथ “महा पाप” किया गया है।
धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने महिलाओं को नए भारत के निर्माण का आधार माना है और इसी दिशा में अनेक ऐतिहासिक योजनाएं लागू की गई हैं। उन्होंने ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’, उज्ज्वला योजना, जन धन योजना, स्टार्टअप योजना और लखपति दीदी योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं के माध्यम से करोड़ों महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनाया गया है। साथ ही ट्रिपल तलाक जैसी कुप्रथा को समाप्त कर महिलाओं को सम्मानजनक जीवन देने का कार्य किया गया है।
मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार की उपलब्धियों को भी गिनाते हुए बताया कि उत्तराखंड में महिलाओं के लिए सरकारी सेवाओं में 30 प्रतिशत आरक्षण लागू किया गया है। महिलाओं की सुरक्षा और अधिकारों की रक्षा के लिए समान नागरिक संहिता लागू की गई है। इसके अतिरिक्त ग्रामीण आजीविका मिशन, सशक्त बहना उत्सव योजना और मुख्यमंत्री महिला स्वयं सहायता समूह सशक्तिकरण योजना के जरिए महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ा जा रहा है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में अब तक 2 लाख 65 हजार से अधिक महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बन चुकी हैं, जो राज्य की आर्थिक प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह, विधायक सविता कपूर, आशा नौटियाल, रेनू बिष्ट, रुचि भट्ट, दीप्ति रावत, नेहा जोशी, हिमानी, रश्मि रस्तोगी सहित बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।


Chief Editor, Aaj Khabar
