Headlines

Almora: अल्मोड़ा मेडिकल कॉलेज बना नॉर्थ ज़ोन का ‘स्पोक सेंटर’, रिकेट्सियल रोगों की मुफ्त जांच से स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगी नई मजबूती

Almora: अल्मोड़ा मेडिकल कॉलेज बना नॉर्थ ज़ोन का ‘स्पोक सेंटर’, रिकेट्सियल रोगों की मुफ्त जांच से स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगी नई मजबूती
शेयर करे-

Almora: सोबन सिंह जीना राजकीय आयुर्विज्ञान एवं शोध संस्थान के माइक्रोबायोलॉजी विभाग की ज़ूनोटिक डिज़ीज़ डिवीज़न ने एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च तथा क्रिश्चियन मेडिकल कॉलेज वेल्लोर के संयुक्त तत्वावधान में संचालित नेशनल रिकेट्सियल सर्विलांस (एनआरएस) कार्यक्रम के अंतर्गत राजकीय मेडिकल कॉलेज, अल्मोड़ा को नॉर्थ ज़ोन के लिए “स्पोक सेंटर” के रूप में चयनित किया गया है।

इस उपलब्धि के तहत कार्यक्रम समन्वयक विक्रांत नेगी और डॉ. रवी सैनी ने 16 से 18 अप्रैल के बीच सीएमसी वेल्लोर में आयोजित तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग लिया। प्रशिक्षण के समापन पर उन्हें नॉर्थ ज़ोन स्पोक सेंटर का प्रमाणपत्र कार्यक्रम के प्रिंसिपल इन्वेस्टिगेटर डॉ. जॉन ए. जे. प्रकाश द्वारा प्रदान किया गया।

उल्लेखनीय है कि यह प्रयोगशाला पहले से ही नेशनल सेंटर फॉर डिजीज कंट्रोल के साथ “नेशनल वन हेल्थ प्रोग्राम फॉर प्रिवेंशन एंड कंट्रोल ऑफ ज़ूनोसिस” के अंतर्गत कार्य कर रही है, जिससे संस्थान की कार्यक्षमता और विश्वसनीयता पहले से ही स्थापित है।

संस्थान के प्राचार्य सी. पी. भेसोड़ा ने बताया कि नेशनल रिकेट्सियल सर्विलांस कार्यक्रम के तहत रिकेट्सियल रोगों की जांच हेतु आवश्यक किट्स सीएमसी वेल्लोर द्वारा उपलब्ध कराई जाएंगी। इन सुविधाओं के माध्यम से अल्मोड़ा मेडिकल कॉलेज के बेस अस्पताल में आने वाले मरीजों को यह जांचें निःशुल्क प्रदान की जाएंगी।

यह उपलब्धि न केवल अल्मोड़ा बल्कि पूरे कुमाऊं क्षेत्र के लिए एक बड़ी राहत साबित होगी। इससे संक्रामक रोगों की समय पर पहचान, प्रभावी उपचार और नियंत्रण सुनिश्चित किया जा सकेगा, जिससे आम जनता को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *