Dehradun: एशिया कप 2025 में भारत बनाम पाकिस्तान मैच को लेकर उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता हरीश रावत ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने कहा कि देशभर के लोग आक्रोशित हैं और प्रधानमंत्री की इस बात से सहमत हैं कि खून और पानी, खून और खेल, खून और कूटनीति, खून और व्यापार एक साथ नहीं चल सकते।
रावत ने पाकिस्तान पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि पड़ोसी देश हमारी धरती पर रोज खून की होली खेलना चाहता है। जब तक पाकिस्तान आतंकवाद पर रोक नहीं लगाता, तब तक उससे किसी भी तरह के रिश्ते संभव नहीं हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि भारत को अब एक कड़ा संदेश देना चाहिए।
source:- ANI
पूर्व मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि यह संदेश सिर्फ पाकिस्तान को ही नहीं बल्कि उन देशों को भी जाना चाहिए जो एक तरफ पाकिस्तानी सेना प्रमुख के साथ डिनर करते हैं और दूसरी तरफ भारत को अच्छा दोस्त बताते हैं। साथ ही उन्होंने शंघाई सहयोग संगठन (SCO) का जिक्र करते हुए कहा कि जो देश पाकिस्तान को आतंकवाद विरोधी कार्रवाई समूह का सह-अध्यक्ष बनाते हैं, उन्हें भी समझना चाहिए कि पाकिस्तान एक आतंकवादी देश है।
रावत ने कहा कि यह संदेश पाकिस्तान की जनता तक पहुंचना चाहिए ताकि वे खुद कहें कि भारत उनका भाई है और आतंकवाद का रास्ता छोड़ दें।

Chief Editor, Aaj Khabar
