Dehradun: भारत मौसम विज्ञान विभाग की भारी वर्षा की चेतावनी के बाद उत्तराखंड में प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने देहरादून, उत्तरकाशी, टिहरी, पौड़ी गढ़वाल, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ के जिला प्रशासन को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश जारी किए हैं। साथ ही पर्यटकों के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में जाने पर रोक लगा दी गई है तथा विद्यार्थियों की सुरक्षा को देखते हुए स्कूलों में विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
मौसम विभाग के अनुसार 31 जुलाई को इन जनपदों के कुछ क्षेत्रों में भारी वर्षा, जलभराव और फ्लैश फ्लड (अचानक बाढ़) की आशंका है। संभावित खतरे को देखते हुए जिलाधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने, स्थानीय प्रशासन को पूरी तरह सक्रिय रखने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके अलावा मार्ग अवरुद्ध होने की स्थिति में उन्हें तत्काल खोलने तथा पुलिस, एसडीआरएफ, स्वास्थ्य विभाग, लोक निर्माण विभाग, ग्रामीण निर्माण विभाग, बीआरओ और अन्य संबंधित एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश भी जारी किए गए हैं, ताकि किसी भी आपदा की स्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव कार्य संचालित किए जा सकें।

Chief Editor, Aaj Khabar
