Dehradun: प्रेमनगर क्षेत्र के मांडूवाला स्थित बालासुंदरी मंदिर के जंगल में मिले अज्ञात महिला के शव की गुत्थी को दून पुलिस ने महज पांच दिनों में सुलझाते हुए सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले में मृतका के पहले पति रंजीत शर्मा को गिरफ्तार किया है, जिसने पत्नी का गला घोंटकर हत्या कर दी थी और शव को कट्टे में भरकर जंगल में फेंक दिया था।
11 मार्च 2026 को जंगल में एक अज्ञात महिला का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया था। शव की हालत खराब होने के कारण पहचान नहीं हो पा रही थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देशन में 8 टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने 2500 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले और करीब 5000 लोगों का सत्यापन किया।
जांच के दौरान सामने आया कि मृतका की पहचान रूपा (32) निवासी बिहार के रूप में हुई। आरोपी पति रंजीत शर्मा ने पूछताछ में बताया कि उसने 5 मार्च की रात विवाद के दौरान पत्नी का गला दबाकर हत्या कर दी थी। हत्या के बाद उसने शव को चार दिनों तक कमरे में छिपाकर रखा और पांचवें दिन उसे कट्टे में डालकर शीतला देवी मंदिर के पास जंगल में फेंक दिया।
हत्या की वजह पारिवारिक विवाद बताया जा रहा है। आरोपी दूसरी शादी कर चुका था, जबकि पहली पत्नी रूपा दोबारा उसके साथ रहने की जिद कर रही थी। इसी को लेकर दोनों के बीच लगातार विवाद होता रहा, जो आखिरकार हत्या में बदल गया।
पुलिस ने बताया कि मृतका हाल ही में बिहार से देहरादून आई थी और स्थानीय लोगों को उसके बारे में जानकारी नहीं थी, जिससे आरोपी को उम्मीद थी कि उसकी पहचान नहीं हो पाएगी। हालांकि, पुलिस की सतर्कता और गहन जांच के चलते आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
इस जघन्य हत्या का खुलासा करने वाली पुलिस टीम को आईजी गढ़वाल द्वारा 5000 रुपये और एसएसपी देहरादून द्वारा 2500 रुपये के नकद पुरस्कार की घोषणा की गई है।

Chief Editor, Aaj Khabar
