Headlines

Dehradun: कुंभ 2027 की तैयारियों में तेजी, मुख्य सचिव ने दिए कई सख्त निर्देश

Dehradun: कुंभ 2027 की तैयारियों में तेजी, मुख्य सचिव ने दिए कई सख्त निर्देश
शेयर करे-

Dehradun: उत्तराखंड में प्रस्तावित कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को लेकर सरकार ने अब गति तेज कर दी है। मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने आज सचिवालय में उच्चस्तरीय बैठक कर संबंधित विभागों और अधिकारियों को सख्त निर्देश जारी किए।

बैठक के दौरान मुख्य सचिव ने कुंभ मेले से जुड़े निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए सभी आपत्तियों का तत्काल निस्तारण करने और अगले तीन दिनों के भीतर निर्माण कार्यों के शासनादेश जारी करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

भूमि अधिग्रहण और आवंटन को लेकर भी मुख्य सचिव ने कड़े निर्देश देते हुए कहा कि इस प्रक्रिया को तुरंत शुरू किया जाए और 30 जून तक सभी विभागों व संस्थानों को भूमि आवंटित कर दी जाए। उन्होंने आयुक्त गढ़वाल को निर्देश दिए कि भूमि अधिग्रहण और आवंटन को कुंभ मास्टर प्लान में शामिल किया जाए।

मुख्य सचिव ने निर्माणदायी संस्थाओं को अपने कार्यालयों को मजबूत करने और आवश्यक तैनातियां शीघ्र सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही, अस्थायी प्रकृति के कार्यों को भी प्राथमिकता के आधार पर तुरंत शुरू करने को कहा।

यातायात व्यवस्था को लेकर भी अहम निर्देश जारी किए गए। मुख्य सचिव ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण और लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिए कि हरिद्वार, नजीबाबाद और मंगलौर मार्गों पर निर्माण व मरम्मत कार्य जल्द पूरे किए जाएं। साथ ही मेलाधिकारी कुंभ, आईजी कुंभ और डीआरएम मुरादाबाद को समन्वय कर यातायात योजना जल्द अंतिम रूप देने को कहा गया।

उन्होंने जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि कुंभ क्षेत्र के आसपास के जिलों में ट्रैफिक प्लान और पार्किंग सुविधाओं का विस्तार किया जाए। इसके अलावा आकस्मिक यातायात योजना तैयार रखने, राज्य में प्रवेश बिंदुओं पर पार्किंग, ठहरने, भोजन और शौचालय की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

मुख्य सचिव ने पर्यटक सूचना केंद्रों की पर्याप्त स्थापना और कुंभ मेले के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन पर भी जोर दिया, ताकि प्रदेश की लोक संस्कृति को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिल सके।

बैठक में सचिव नितेश कुमार झा, डॉ. पंकज कुमार पाण्डेय, बृजेश कुमार संत, विनय शंकर पाण्डेय, श्रीधर बाबू अद्दांकी, रणवीर सिंह चौहान, मेलाधिकारी सोनिका, आईजी कुंभ योगेन्द्र सिंह रावत समेत रेलवे डिवीजन मुरादाबाद के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *