Dehradun: उत्तराखंड में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की अधिसूचना जारी होते ही चुनावी गतिविधियां तेज हो गई हैं। राज्य निर्वाचन आयोग ने अपनी तैयारियां अंतिम रूप में पहुंचा दी हैं। शनिवार को आयोग ने मतदाताओं की सुविधा के लिए बैलेट पेपर के रंगों की घोषणा की, जिससे मतदान प्रक्रिया सरल और स्पष्ट हो सके।
राज्य निर्वाचन आयुक्त सुशील कुमार ने बताया कि प्रत्येक पद के लिए बैलेट पेपर अलग रंग का होगा, जिससे मतदाताओं को भ्रम से बचाया जा सकेगा। ग्राम पंचायत सदस्य के लिए सफेद, ग्राम प्रधान के लिए हरा, क्षेत्र पंचायत सदस्य के लिए नीला और जिला पंचायत सदस्य के लिए गुलाबी बैलेट पेपर इस्तेमाल किया जाएगा।
चुनाव में दिव्यांग मतदाताओं को भी विशेष सुविधा दी जा रही है। जो मतदाता स्वयं मतदान केंद्र तक जाने में असमर्थ हैं, उनके लिए घर से मतदान केंद्र और वापस घर तक पहुंचाने के लिए परिवहन की व्यवस्था की गई है। यह सुविधा उनके परिवार के सदस्य वाहन के माध्यम से प्रदान कर सकेंगे, ताकि दिव्यांग मतदाता बिना किसी कठिनाई के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।
पंचायत चुनाव में कुल 66,418 पदों पर मतदान कराया जाएगा, जिसमें ग्राम पंचायत सदस्य के 55,587, ग्राम प्रधान के 7,499, क्षेत्र पंचायत सदस्य के 2,974 और जिला पंचायत सदस्य के 358 पद शामिल हैं। इसके लिए राज्यभर में 8,276 मतदान केंद्र और 10,529 मतदेय स्थल बनाए गए हैं।
आयोग ने सभी जिलों को आवश्यक दिशा-निर्देश भेज दिए हैं और मतदान प्रक्रिया को सुचारु रूप से संपन्न कराने की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
For latest news updates click here
For English news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar

