Headlines

Dehradun: देहरादून परेड मैदान में गणतंत्र दिवस का राज्यस्तरीय समारोह, राज्यपाल ने फहराया तिरंगा

Dehradun: देहरादून परेड मैदान में गणतंत्र दिवस का राज्यस्तरीय समारोह, राज्यपाल ने फहराया तिरंगा
शेयर करे-

Dehradun: 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर देहरादून स्थित परेड मैदान में राज्यस्तरीय मुख्य समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया, जबकि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस अवसर पर विभिन्न विभागों द्वारा आकर्षक झांकियां प्रस्तुत की गईं, जिन्होंने प्रदेश की संस्कृति, विकास और उपलब्धियों को दर्शाया।

समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) ने प्रदेशवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, भारतीय संविधान के प्रमुख शिल्पी भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर तथा संविधान निर्माताओं को नमन किया। राज्यपाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत डिजिटल अर्थव्यवस्था, स्टार्टअप संस्कृति, रक्षा उत्पादन, अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी, हरित ऊर्जा और सैन्य शक्ति के क्षेत्र में निरंतर नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है।

राज्यपाल ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड भी देश की प्रगति यात्रा में पूरे सामर्थ्य के साथ सहभागी बन रहा है। राज्य में सड़क, रेल, एयर कनेक्टिविटी, डिजिटल सेवाओं और निवेश के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। उन्होंने कहा कि योग और आयुर्वेद उत्तराखंड की आत्मा हैं और राज्य को योग-भूमि व वेलनेस हब के रूप में विकसित किया जा रहा है। यूसीसी के माध्यम से महिलाओं को समानता और सुरक्षा का कानूनी संरक्षण मिला है, जबकि तकनीक के उपयोग से प्रशासनिक पारदर्शिता, आपदा प्रबंधन, स्वास्थ्य और शिक्षा सेवाएं सशक्त हो रही हैं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी प्रदेशवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह दिन संविधान निर्माण का महापर्व है। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, संविधान निर्माताओं और राज्य आंदोलनकारियों को नमन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को साकार करने तथा उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने के लिए राज्य सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि समान नागरिक संहिता लागू कर उत्तराखंड ने देश के लिए नई दिशा तय की है। तीर्थ यात्राओं के बेहतर प्रबंधन, चारधाम यात्रा और मानसखंड मंदिर माला मिशन के तहत धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा दिया जा रहा है। औद्योगिक निवेश और निर्यात को प्रोत्साहित करने के लिए उद्योग-अनुकूल नीतियां बनाई गई हैं, जिसके परिणामस्वरूप नीति आयोग की निर्यात तैयारी सूचकांक में उत्तराखंड ने छोटे राज्यों की श्रेणी में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *