Dehradun: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के नेहरू कॉलोनी क्षेत्र में मंगलवार शाम एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें दीवार के नीचे दबकर 50 वर्षीय शिक्षिका विजय लक्ष्मी की मौत हो गई। अजबपुर कला स्थित न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी की रहने वाली विजय लक्ष्मी मंगलवार शाम अशोक विहार इलाके के पार्क में टहल रही थीं, तभी पार्क से सटी जल संस्थान भवन की जर्जर बाउंड्री वॉल अचानक ढह गई और वह इसकी चपेट में आ गईं।
मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें मलबे से निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। विजय लक्ष्मी राजकीय प्राथमिक विद्यालय में शिक्षिका थीं। घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। उनका आरोप है कि जल संस्थान की दीवार लंबे समय से जर्जर थी, लेकिन अधिकारियों ने इसकी मरम्मत नहीं कराई। लोगों ने संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
सूचना मिलते ही नेहरू कॉलोनी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा भरने के बाद शव को मोर्चरी भेज दिया। बुधवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया की जा रही है। थाना प्रभारी संजीत कुमार ने परिजनों को कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
उत्तराखंड में इन दिनों भारी बारिश के चलते जगह-जगह हादसे हो रहे हैं। सोमवार को देहरादून में बाढ़ जैसे हालात बने और दो मकान ढह गए। मसूरी में भी पुरानी दुकान ढहने से नुकसान हुआ। मौसम विभाग ने 15 अगस्त तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है और कई जिलों में स्कूलों की छुट्टी घोषित की गई है।
For latest news updates click here
For English news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar

