Dehradun: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज देहरादून में आयोजित Times Of India के “डेस्टिनेशन उत्तराखण्ड 2.0” कॉन्क्लेव में प्रतिभाग करते हुए राज्य के विकास, निवेश, पर्यटन और इंफ्रास्ट्रक्चर को नई दिशा देने वाले महत्वपूर्ण विज़न प्रस्तुत किए। उन्होंने कहा कि यह कॉन्क्लेव विकास मॉडल, निवेश संभावनाओं, स्टार्टअप, कृषि और पर्यटन जैसे अहम क्षेत्रों पर गहन चर्चा का मंच बनेगा, जिससे प्रदेश की प्रगति को निर्णायक गति मिलेगी।
सीएम धामी ने कहा कि उत्तराखण्ड की 25 वर्षीय विकास यात्रा चुनौतियों के बावजूद उल्लेखनीय उपलब्धियों से भरी रही है। 2014 के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की विकास गति तेज हुई और उसका प्रत्यक्ष लाभ उत्तराखण्ड को शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, खेल, पेयजल और हवाई कनेक्टिविटी जैसे कई क्षेत्रों में मिला है।
उन्होंने बताया कि वोकल फॉर लोकल, मेक इन इंडिया और स्टार्टअप इंडिया जैसे अभियानों को उत्तराखण्ड ने मजबूती से आगे बढ़ाया है। देवभूमि को विश्व की आध्यात्मिक राजधानी बनाने की दिशा में भी राज्य सरकार निरंतर प्रयासरत है। केदारखण्ड और मानसखण्ड के सौंदर्यीकरण कार्य, हरिपुर कालसी में यमुनातीर्थ पुनरुद्धार, हरिद्वार–ऋषिकेश और शारदा कॉरिडोर निर्माण तेजी से प्रगति पर हैं।
उन्होंने कहा कि शीतकालीन यात्रा कार्यक्रम से अब उत्तराखण्ड में 12 महीने पर्यटन गतिविधियों को निरंतरता मिली है। ‘एक जनपद–दो उत्पाद’ और हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड के माध्यम से स्थानीय उत्पादों को वैश्विक पहचान मिल रही है। वहीं स्टेट मिलेट मिशन, एप्पल मिशन, होमस्टे नीति, नई फिल्म नीति और सौर स्वरोजगार योजना ने स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई मजबूती दी है।
सीएम धामी ने कहा कि सरकार “विकल्प रहित संकल्प” के साथ उत्तराखण्ड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने की दिशा में काम कर रही है, और यह लक्ष्य जनता की सहभागिता से ही पूरा होगा।
कार्यक्रम में प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम, अपर सचिव बंशीधर तिवारी सहित Times Of India समूह के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Chief Editor, Aaj Khabar
