Headlines

Dehradun: देहरादून थानो इलाके में हथिनी हुई आक्रामक, स्कूटी से जा रहे 12 वर्षीय बच्चे की ली जान

Dehradun: देहरादून थानो इलाके में हथिनी हुई आक्रामक, स्कूटी से जा रहे 12 वर्षीय बच्चे की ली जान
शेयर करे-

Dehradun: राजधानी देहरादून के थानो रेंज में सोमवार शाम मानव-वन्यजीव संघर्ष का एक बेहद दर्दनाक मामला सामने आया, जहां जंगल से गुजर रही एक स्कूटी पर हथिनी ने अचानक हमला कर 12 वर्षीय बच्चे की जान ले ली। जॉलीग्रांट क्षेत्र के कोठारी मोहल्ला निवासी दंपत्ति अपने बेटे के साथ स्कूटी से जंगल मार्ग से गुजर रहे थे, तभी अचानक आई हथिनी ने बच्चे को सूंड में उठाकर जोर से पटक दिया। घटना स्थल पर ही बच्चे की मृत्यु हो गई, जबकि उसके माता-पिता किसी तरह जान बचाकर भाग निकले।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पिछले कुछ दिनों से इस क्षेत्र में एक हथिनी अपने शावक के साथ घूम रही थी। शावक के साथ होने के कारण हथिनी अत्यधिक संवेदनशील और आक्रामक रहती है, जिसके चलते हल्की सी हलचल पर भी वह हमला कर सकती है। बताया गया कि घटना के बाद हथिनी काफी देर तक वहीं खड़ी रही, जिससे बच्चे को निकालकर अस्पताल ले जाना भी बेहद मुश्किल हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही डीएफओ देहरादून नीरज शर्मा मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि हथिनी और उसके शावक पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। साथ ही स्थानीय लोगों और वाहन चालकों को फिलहाल जंगल मार्ग से न गुजरने की कड़ी चेतावनी जारी की गई है। विभाग ने सुरक्षा के मद्देनज़र क्षेत्र में पेट्रोलिंग भी बढ़ा दी है।

लगातार बढ़ रहे मानव-वन्यजीव टकराव के बीच यह घटना एक बार फिर चेतावनी है कि शाम के समय जंगल क्षेत्रों में अनावश्यक आवाजाही से बचना बेहद जरूरी है। दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल पैदा कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *