Dehradun: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित एसडीजी अचीवर्स अवॉर्ड समारोह में विभिन्न व्यक्तियों, संस्थानों और औद्योगिक प्रतिष्ठानों को सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने ‘अग्रगामी 2.0’ पुस्तक और एसडीजी इंडेक्स उत्तराखंड 2023-24 का लोकार्पण भी किया।
मुख्यमंत्री ने बताया कि सीपीपीजीजी द्वारा जारी जनपदवार एसडीजी रैंकिंग 2023-24 में नैनीताल प्रथम, देहरादून द्वितीय और उत्तरकाशी तृतीय स्थान पर रहे। इन जिलों के मुख्य विकास अधिकारियों को भी सम्मानित किया गया।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि सरकार ने पिछले तीन वर्षों में 60 स्वयंसेवी संस्थाओं, व्यक्तियों और सीएसआर के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को एसडीजी अचीवर्स अवॉर्ड से सम्मानित किया है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड ने एसडीजी इंडिया इंडेक्स में उल्लेखनीय प्रगति करते हुए पहली रैंक हासिल की है।
उन्होंने बताया कि सरकार वर्ष 2030 तक सतत विकास लक्ष्यों (SDG) को प्राप्त करने के लिए प्रतिबद्ध है। इसके लिए त्रि-स्तंभीय एवं नौ-सूत्रीय नीति लागू की गई है, जो इकोनॉमी और इकोलॉजी के संतुलन में सहायक होगी। उन्होंने कहा कि गरीबी उन्मूलन, खाद्य सुरक्षा, पेयजल एवं स्वच्छता, स्वच्छ ऊर्जा, शहरी विकास और जलवायु परिवर्तन जैसे क्षेत्रों में राज्य ने महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सतत विकास लक्ष्यों में प्रथम स्थान बनाए रखना चुनौतीपूर्ण है, लेकिन सरकार की प्रभावी नीतियों और सामूहिक प्रयासों से इसे बरकरार रखा जाएगा। उन्होंने बताया कि खनन राजस्व ₹400 करोड़ से बढ़कर ₹1200 करोड़ हो गया है और अन्य क्षेत्रों में भी राजस्व में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।
समारोह में विधायक सविता कपूर, दुर्गेश्वर लाल, मुख्य सचिव राधा रतूड़ी, यूएनडीपी की रेजिडेंट प्रतिनिधि डॉ. एंजेला लुसुगी, पूर्व मुख्य सचिव एन. रविशंकर, प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम, ग्राम्य विकास एवं पलायन निवारण आयोग के उपाध्यक्ष एस.एस. नेगी, सीपीपीजीजी के एसीईओ मनोज पंत सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
For latest news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar

