Haldwani: प्रदेश के सिंचाई, पर्यटन, लोक निर्माण और ग्रामीण निर्माण मंत्री सतपाल महाराज ने रविवार को निर्माणाधीन बहुउद्देशीय जमरानी बांध परियोजना का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को परियोजना के निर्माण कार्य में तेजी लाने और निर्धारित समयसीमा के भीतर काम पूरा करने के निर्देश दिए।
काठगोदाम से करीब 10 किलोमीटर दूर गोला नदी पर बन रही जमरानी बांध परियोजना को प्रदेश की महत्वपूर्ण बहुउद्देशीय परियोजनाओं में शामिल किया गया है। निरीक्षण के दौरान सतपाल महाराज ने परियोजना की प्रगति और निर्माण कार्यों की जानकारी अधिकारियों से ली।
सतपाल महाराज ने बताया कि करीब 3,808 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली जमरानी बांध परियोजना से नैनीताल और ऊधमसिंह नगर के साथ उत्तर प्रदेश के बरेली और रामपुर जिलों की लगभग 57,066 हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई सुविधा मिलेगी।
परियोजना के पूरा होने के बाद हल्द्वानी और आसपास के क्षेत्रों में 10 लाख से अधिक लोगों को प्रतिवर्ष 42.70 मिलियन क्यूबिक मीटर पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा। इसके अलावा परियोजना से सालाना 63.4 मिलियन यूनिट बिजली उत्पादन का लक्ष्य है।
मंत्री ने कहा कि जमरानी बांध परियोजना मानसून के दौरान बाढ़ नियंत्रण और नदी के प्रवाह को नियंत्रित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इसके साथ ही जलाशय क्षेत्र में मत्स्य पालन और पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
निरीक्षण के दौरान विभागीय अधिकारी भी मौजूद रहे।
For latest news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar

