Moradabad: मुरादाबाद हाईवे हादसे में हल्द्वानी के चार युवकों की दर्दनाक मौत, दिल्ली जाते समय कार ट्रैक्टर-ट्रॉली से भिड़ीउत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में सोमवार को दिल्ली-लखनऊ नेशनल हाईवे पर एक भीषण सड़क हादसे में उत्तराखंड के हल्द्वानी और नैनीताल के चार युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा मूंढापांडे थाना क्षेत्र के मनकरा मोड़ के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार कार ईंटों से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई।
पुलिस के अनुसार कार में सवार पांच युवक हल्द्वानी और नैनीताल के निवासी थे और दिल्ली की ओर जा रहे थे। रास्ते में मनकरा मोड़ के पास उनकी कार सामने चल रही ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही मूंढापांडे थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे युवकों को बाहर निकाला। सभी को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मूंढापांडे ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने चार युवकों को मृत घोषित कर दिया, जबकि एक युवक को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल मुरादाबाद रेफर किया गया।
मूंढापांडे थाना प्रभारी मोहित कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कार चालक को संभवतः नींद की झपकी आने के कारण वाहन अनियंत्रित हो गया और आगे चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गया। हादसे के बाद कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
सीएचसी मूंढापांडे की मेडिकल ऑफिसर डॉ. ईशा सिंह के अनुसार पांचों युवकों को अस्पताल लाया गया था। सभी को गंभीर चोटें लगी थीं, जिनमें से चार युवकों को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि एक युवक की हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस ने मृतकों की पहचान अनिल नेगी, सुंदर सिंह, भुवन भंडारी और दयाल सिंह निवासी हल्द्वानी के रूप में की है, जबकि हादसे में घायल युवक की पहचान यशदीप पांडे निवासी हल्द्वानी के रूप में हुई है। पुलिस द्वारा परिजनों को सूचना दी जा रही है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
हादसे का संज्ञान लेते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है और अधिकारियों को मौके पर राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं।

Chief Editor, Aaj Khabar
