Udham singh nagar: ऊधमसिंहनगर जिले में अवैध खनन पर सख्ती दिखाते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने बड़ी कार्रवाई की है। शक्तिफार्म क्षेत्र में खनन रोकने में लापरवाही बरतने पर पूरी पुलिस चौकी को लाइन हाजिर कर दिया गया है। इस कार्रवाई की जद में चौकी इंचार्ज सहित कुल आठ पुलिसकर्मी आए हैं।
बताया जा रहा है कि क्षेत्र में लंबे समय से अवैध खनन की शिकायतें मिल रही थीं, लेकिन पुलिस द्वारा प्रभावी कार्रवाई नहीं किए जाने के आरोप लगते रहे। सोमवार को समाचार पत्रों में प्रकाशित खबरों का संज्ञान लेते हुए एसएसपी ने सख्त कदम उठाया। कार्रवाई के तहत चौकी इंचार्ज प्रकाश भट्ट, एएसआई सुरेंद्र बोरा, भगवान रमोला, हरीश कबड़वाल, भुवन आर्या, तुलसी भट्ट, भूपेंद्र कुमार और दीपक नेगी को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया गया।
गौरतलब है कि करीब ढाई महीने पहले शक्तिफार्म क्षेत्र में खनन माफिया ने राजस्व टीम से जब्त ट्रैक्टर-ट्रॉली को जबरन छुड़ाकर ले जाने की घटना को अंजाम दिया था। इस मामले में तहसीलदार हिमांशु जोशी द्वारा मुकदमा दर्ज कराया गया था। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हुआ था, लेकिन इसके बावजूद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी थी।
वहीं हाल ही में राजस्व उपनिरीक्षक की जांच में बैगुल नदी में अवैध खनन की पुष्टि हुई थी। ग्रामीणों के विरोध के बावजूद पुलिस की ओर से ठोस कार्रवाई न किए जाने पर सवाल उठ रहे थे।
एसएसपी अजय गणपति ने स्पष्ट कहा कि जनपद में अवैध खनन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Chief Editor, Aaj Khabar
