Haldwani: अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के अवसर पर उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय में योग विभाग द्वारा भव्य योग शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कुलपति प्रोफेसर नवीन चन्द्र लोहानी, कुलसचिव खेमराज भट्ट, विश्वविद्यालय के निदेशक, शिक्षक, अधिकारी, कर्मचारी, विद्यार्थी एवं स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम का शुभारम्भ आयुष मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के अनुरूप प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के योग दिवस संदेश के प्रसारण से हुआ। इस वर्ष की थीम “स्वस्थ जीवन के लिए योग” पर आधारित कार्यक्रम में योग को स्वस्थ एवं सक्रिय जीवन का आधार बताया गया।
योग विभाग की सहायक प्राध्यापिका डॉ. नीता दियोलिया और शोधार्थी मनीषा रावत के निर्देशन में योगाभ्यास एवं ध्यान सत्र आयोजित किया गया। कुलपति प्रोफेसर नवीन चन्द्र लोहानी के नेतृत्व में प्रतिभागियों ने सामूहिक योगाभ्यास कर नियमित योग को जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।
योग विभागाध्यक्ष डॉ. भानु प्रकाश जोशी ने बताया कि विभाग द्वारा 22 मार्च से 21 जून तक प्रत्येक रविवार निःशुल्क योग शिविर तथा 1 जून से 21 जून तक 21 दिवसीय योग अभियान संचालित किया गया। इस अभियान के तहत उत्तराखण्ड सहित देश के 10 से अधिक राज्यों में योग प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए गए।
उन्होंने जानकारी दी कि विश्वविद्यालय परिवार ने आयुष मंत्रालय द्वारा आयोजित गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड ऑनलाइन योग सत्र में भी सक्रिय भागीदारी की। साथ ही सामुदायिक रेडियो हेलो हल्द्वानी 91.2 एफएम के माध्यम से योग के प्रति जनजागरूकता फैलाने के लिए विशेष कार्यक्रम प्रसारित किए गए।
स्वास्थ्य विज्ञान विद्याशाखा की निदेशिका प्रोफेसर मंजरी अग्रवाल ने योग को बढ़ती आयु वर्गीय आबादी के लिए स्वस्थ और सक्रिय जीवन का प्रभावी माध्यम बताया। वहीं कुलपति प्रोफेसर नवीन चन्द्र लोहानी ने योग को दैनिक जीवन में अपनाने का आह्वान करते हुए योग विभाग की पहल की सराहना की।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. दीपिका कुमार ने किया तथा अंत में कुलसचिव खेमराज भट्ट ने सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।
चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ने योग दिवस पर अपनाया स्वस्थ जीवन का संकल्प
हल्द्वानी में सीआईआरसी हल्द्वानी शाखा द्वारा 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का उत्साहपूर्वक आयोजन किया गया। जगदम्बा बैंक्वेट हॉल में आयोजित कार्यक्रम में योग शिक्षिका अदिति जोशी ने योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास कराया। शाखा पदाधिकारियों, चार्टर्ड अकाउंटेंट्स, विद्यार्थियों एवं योगाभ्यासियों ने सहभागिता कर योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में योग के माध्यम से शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक संतुलन का संदेश दिया गया।

Chief Editor, Aaj Khabar
