Headlines

Haldwani: मानव-वन्यजीव संघर्ष के चलते सांसद अजय भट्ट की अधिकारियों संग बड़ी बैठक, संवेदनशील क्षेत्रों में सोलर लाइट, फेंसिंग और जागरूकता अभियान के दिए सख्त निर्देश

Haldwani: मानव-वन्यजीव संघर्ष के चलते सांसद अजय भट्ट की अधिकारियों संग बड़ी बैठक, संवेदनशील क्षेत्रों में सोलर लाइट, फेंसिंग और जागरूकता अभियान के दिए सख्त निर्देश
शेयर करे-

Haldwani: वन्यजीवों द्वारा मानव पर बढ़ते हमलों और मौतों की घटनाओं को रोकने के लिए सर्किट हाउस काठगोदाम में सांसद अजय भट्ट की अध्यक्षता में एक अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में वन विभाग और जिला प्रशासन को समन्वित और योजनाबद्ध तरीके से काम करने के निर्देश दिए गए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

सांसद अजय भट्ट ने स्पष्ट निर्देश दिए कि मानव-वन्यजीव संघर्ष को रोकने के लिए ग्राम पंचायत स्तर तक व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाए। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के लिए पशुओं के चारे की व्यवस्था करने और पर्वतीय इलाकों में नियमित झाड़ी कटान कराने पर जोर दिया।

उन्होंने यह भी कहा कि जंगलों में चारा लेने जाने वाले लोग समूह में जाएं और इसके लिए समय निर्धारित किया जाए। सुरक्षा के लिहाज से वन विभाग द्वारा गार्ड तैनात करने के निर्देश भी दिए गए हैं, जिससे वन्यजीव हमलों को रोका जा सके।

बैठक में मुख्य वन संरक्षक कुमाऊं तेजस्वनी पाटिल को निर्देशित किया गया कि वन क्षेत्रों से सटे गांवों में सोलर लाइट, झाड़ी कटान और चारा वितरण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, सड़कों के आसपास झाड़ियों की सफाई और जंगल जाने वाले लोगों को जलाऊ लकड़ी उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया। संवेदनशील क्षेत्रों में पहले से ही पिंजरे और कैमरे लगाने के निर्देश दिए गए, ताकि वन्यजीवों की गतिविधियों पर नजर रखी जा सके।

मुख्य वन संरक्षक तेजस्वनी पाटिल ने बताया कि विभाग युद्धस्तर पर काम कर रहा है और पर्वतीय क्षेत्रों में जागरूकता कार्यशालाएं आयोजित की जा रही हैं। उन्होंने जानकारी दी कि वर्ष 2025 में नैनीताल जनपद में वन्यजीवों और सांप के कारण 27 लोगों की मौत हुई थी, जिन सभी प्रभावित परिवारों को सहायता राशि प्रदान कर दी गई है।

जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने बताया कि प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल चारा उपलब्ध कराया जा रहा है और सहायता राशि भी शीघ्र वितरित की जा रही है। साथ ही वन क्षेत्रों में सोलर लाइट और सोलर फेंसिंग लगाने का कार्य तेजी से चल रहा है।

बैठक में विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट, मेयर गजराज सिंह बिष्ट, ब्लॉक प्रमुख हरीश बिष्ट सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *