Headlines

Nainital: भवाली–रातीघाट बाईपास निरीक्षण में आयुक्त ने दी कार्यों में तेजी के निर्देश, कैंचीधाम जाम से मिलेगी राहत

Nainital: भवाली–रातीघाट बाईपास निरीक्षण में आयुक्त ने दी कार्यों में तेजी के निर्देश, कैंचीधाम जाम से मिलेगी राहत
शेयर करे-

Nainital: कुमाऊँ आयुक्त एवं मुख्यमंत्री सचिव दीपक रावत ने सोमवार को क्षेत्रीय भ्रमण के दौरान भवाली–रातीघाट बाईपास का स्थलीय निरीक्षण किया। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता ने बताया कि प्रस्तावित 18.2 किलोमीटर मार्ग में से 8 किलोमीटर का निर्माण एवं डामरीकरण पूर्ण हो चुका है। शेष 10.2 किलोमीटर में पहाड़ कटिंग कार्य पूरा है तथा कलमठ, सुरक्षा दीवार व अन्य शेष कार्य तीव्र गति से जारी हैं।

इसके साथ ही बाईपास को राष्ट्रीय राजमार्ग अल्मोड़ा से जोड़ने वाले प्रस्तावित पुल निर्माण की डीपीआर शासन को भेज दी गई है। आयुक्त ने निर्देश दिए कि कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयसीमा में पूरा होना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह मार्ग तैयार होने पर कैंचीधाम क्षेत्र में लगने वाले जाम से बड़ी राहत मिलेगी और पहाड़ी जिलों को जाने वाला यातायात सुगम होगा।

आयुक्त ने भवाली बायपास से जुड़े मोटर पुल का निरीक्षण किया, जहां विभागीय अधिकारियों ने बताया कि पुल निर्माण कार्य दो माह में पूरा कर लिया जाएगा।

क्षेत्रीय भ्रमण के दौरान आयुक्त शिव शक्ति धाम, खैरना पहुंचे और सोमवारी महाराज गुफा में दर्शन किए। मंदिर कमेटी ने आपदा के दौरान संभावित खतरे को देखते हुए सुरक्षात्मक कार्य कराने की मांग रखी, जिस पर आयुक्त ने सिंचाई विभाग को आवश्यक कार्यवाही हेतु निर्देशित किया।

इसके अलावा आयुक्त ने कैंचीधाम में बन रहे वाहन पार्किंग एवं अन्य कार्यों का भी निरीक्षण कर अधिकारियों को गति बढ़ाने और समय पर कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एसडीएम कैंचीधाम मोनिका, अधिशासी अभियंता रत्नेश कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Nainital

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *