Nainital: पुलिस लाइन स्थित एसएसपी आवास में देर शाम अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। आग भवन की चिमनी से शुरू होकर ऊपरी मंज़िल तक पहुँच गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। घटना के समय मौजूद पुलिस कर्मियों ने तुरंत आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग पर पूरी तरह नियंत्रण नहीं हो सका।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियाँ तत्काल मौके पर पहुँचीं। दमकल कर्मियों ने तेजी से कार्रवाई करते हुए एसएसपी आवास की ऊपरी मंज़िल में प्रवेश किया और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। राहत की बात यह रही कि आग अधिक नहीं फैल सकी और किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
बताया जा रहा है कि आवास लकड़ी से निर्मित है, ऐसे में यदि आग फैलती तो भारी नुकसान हो सकता था। समय रहते दमकल विभाग की मुस्तैदी से एक बड़ी दुर्घटना टल गई। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

Chief Editor, Aaj Khabar
