Nainital: आगामी गवर्नर्स कप गोल्फ टूर्नामेंट का 20वां संस्करण 30 मई से 1 जून, 2025 तक नैनीताल स्थित राजभवन गोल्फ कोर्स में आयोजित किया जाएगा। इस प्रतियोगिता में देशभर के 177 गोल्फर हिस्सा लेंगे। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने गुरुवार को राजभवन में आयोजित कर्टेन रेजर कार्यक्रम के दौरान इसकी जानकारी दी।
राज्यपाल ने बताया कि इस वर्ष टूर्नामेंट में एशियाई खेलों के स्वर्ण पदक विजेता व अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित श्री अमित लूथरा और पूर्व हॉकी कप्तान पद्मश्री एवं अर्जुन पुरस्कार विजेता श्री जफर इकबाल भी भाग ले रहे हैं, जिससे आयोजन को विशेष प्रतिष्ठा प्राप्त हुई है।
प्रतियोगिता में छह वर्ष के बच्चों से लेकर 80 वर्ष तक के प्रतिभागी भाग ले रहे हैं। सुपर वेटरन (75 वर्ष से अधिक) श्रेणी में 6, वेटरन (65-75 वर्ष) में 32, सामान्य श्रेणी में 95, महिला श्रेणी में 11, और जूनियर श्रेणी में 33 (19 बालक और 14 बालिकाएँ) प्रतिभागी शामिल हैं।
राज्यपाल ने कहा कि इस टूर्नामेंट का उद्देश्य पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ महिलाओं, युवाओं और आमजन को गोल्फ जैसे खेल से जोड़ना है। उन्होंने बताया कि राजभवन गोल्फ कोर्स की प्राकृतिक सुंदरता देशभर के खिलाड़ियों को आकर्षित करती है, और इस आयोजन के माध्यम से उत्तराखण्ड की सांस्कृतिक विरासत भी उजागर होती है। कोर्स के 18 होल्स को हिमालयी पर्वत श्रृंखलाओं व नदियों के नाम पर रखा गया है।
उन्होंने बताया कि स्कूली बच्चों को गोल्फ से जोड़ने के उद्देश्य से हाल ही में इंटर स्कूल गोल्फ टूर्नामेंट और प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें कई बेटियों ने भाग लिया। साथ ही राजभवन गोल्फ कोर्स के आस-पास के क्षेत्र में बर्ड वॉचिंग के लिए 160 से अधिक पक्षी प्रजातियाँ पाई जाती हैं, जिससे यह स्थान प्रकृति प्रेमियों के लिए भी आकर्षण का केंद्र है।
राज्यपाल ने उत्तराखण्ड को ‘देवभूमि’ से ‘खेलभूमि’ की ओर अग्रसर बताते हुए राज्य सरकार द्वारा खेलों को प्रोत्साहन देने के लिए किए गए प्रयासों—जैसे छात्रवृत्तियाँ, प्रशिक्षण, और प्रतियोगिताएं—का उल्लेख किया। उन्होंने 38वें राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखण्ड के खिलाड़ियों द्वारा 100 से अधिक पदक जीतने की भी सराहना की।
राज्यपाल ने टूर्नामेंट में सहयोग करने वाले प्रायोजकों—इंडियन ऑयल, पर्यटन विकास परिषद, ओएनजीसी, हीरो ग्रुप, आदित्य बिरला ग्रुप, टाटा मोटर्स, एसबीआई, टीएचडीसी, ट्राइडेंट, ग्राफिक एरा यूनिवर्सिटी, यूपीईएस, डीआईटी यूनिवर्सिटी—का विशेष आभार व्यक्त किया।
राजभवन गोल्फ क्लब के कैप्टन कर्नल विवेक भट्ट ने बताया कि टूर्नामेंट का उद्घाटन 30 मई को सुबह 8:30 बजे राज्यपाल द्वारा ‘टी-ऑफ’ के साथ किया जाएगा। इस तीन दिवसीय प्रतियोगिता में सुपर वेटरन, वेटरन, सामान्य, महिला और जूनियर श्रेणियों में मुकाबले होंगे।
इस अवसर पर राज्यपाल के सचिव श्री रविनाथ रामन, अपर सचिव श्रीमती स्वाति एस. भदौरिया, परिसहाय श्री अमित श्रीवास्तव, मेजर सुमित कुमार, वित्त नियंत्रक डॉ. तृप्ति श्रीवास्तव एवं संयुक्त निदेशक सूचना डॉ. नितिन उपाध्याय उपस्थित रहे।
For latest news updates click here
For English news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar
