Nainital: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) ने शुक्रवार को नैनीताल स्थित लोक भवन परिसर में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत रुद्राक्ष का पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान उन्होंने नागरिकों से अधिक से अधिक पौधारोपण कर प्रकृति संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
राज्यपाल ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिन का संकल्प नहीं, बल्कि हमारी जीवनशैली का अभिन्न हिस्सा होना चाहिए। उन्होंने कहा कि स्वच्छ, सुरक्षित और हरित वातावरण भावी पीढ़ियों के लिए हमारी जिम्मेदारी है, जिसे सामूहिक प्रयासों से ही सुनिश्चित किया जा सकता है।
इस अवसर पर प्रथम महिला श्रीमती गुरमीत कौर ने भी ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के अंतर्गत चंदन का पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
कार्यक्रम में अपर सचिव राज्यपाल श्रीमती रीना जोशी, उप सचिव लक्ष्मण राम आर्या सहित लोक भवन के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी वृक्षारोपण कर अभियान में सहभागिता की और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।

Chief Editor, Aaj Khabar
