Headlines

Nainital: धारी ब्लॉक में दर्दनाक सड़क हादसा, खाई में मैक्स वाहन गिरने से 2 की मौत, 4 घायल

Nainital: धारी ब्लॉक में दर्दनाक सड़क हादसा, खाई में मैक्स वाहन गिरने से 2 की मौत, 4 घायल
शेयर करे-

Nainital: नैनीताल जिले के धारी ब्लॉक क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जहां एक मैक्स वाहन खाई में गिर गया। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना डायल 112 के माध्यम से मिलते ही पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मैक्स वाहन संख्या UK04TA1446 हल्द्वानी से दूदूली (ब्लॉक धारी, थाना मुक्तेश्वर) की ओर जा रहा था। वाहन में कुल छह लोग सवार थे। दूदूली के पास पहुंचते ही वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा।

सूचना मिलते ही थाना मुक्तेश्वर से प्रभारी थानाध्यक्ष एसआई हरिराम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को खाई से बाहर निकाला गया और 108 एम्बुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पदमपुरी भेजा गया।

चिकित्सकों ने जांच के बाद दो व्यक्तियों—एक महिला और एक पुरुष—को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान लता देवी (40 वर्ष) पत्नी दिनेश चन्द्र और हरीश चन्द्र बेलवाल निवासी ग्राम दूदूली के रूप में हुई है।

घायलों में दिनेश चन्द्र (48 वर्ष), वाहन चालक कमल शर्मा (23 वर्ष), नेहा बेलवाल (17 वर्ष) और सुभाष बेलवाल (13 वर्ष) शामिल हैं, जिनका उपचार जारी है।

पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है और मामले में आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।

नैनीताल पुलिस ने आमजन से अपील की है कि पहाड़ी मार्गों पर वाहन चलाते समय विशेष सावधानी बरतें, निर्धारित गति सीमा का पालन करें और ओवरलोडिंग से बचें। आपकी सतर्कता ही आपकी सुरक्षा सुनिश्चित कर सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *