Nainital: नैनीताल पुलिस ने आधुनिक तकनीक और अंतरराज्यीय समन्वय की मदद से बड़ी सफलता हासिल करते हुए 256 लोगों के खोए हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके चेहरों पर फिर से मुस्कान लौटा दी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में अप्रैल 2026 से 24 जून 2026 के बीच नैनीताल पुलिस मोबाइल ऐप और भारत सरकार के Central Equipment Identity Register (CEIR) पोर्टल पर दर्ज शिकायतों पर कार्रवाई करते हुए पुलिस की मोबाइल ऐप (साइबर सेल) टीम ने विभिन्न राज्यों से कुल 256 मोबाइल फोन बरामद किए। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत लगभग 56.25 लाख रुपये आंकी गई है।
एसएसपी के निर्देश पर गठित मोबाइल ऐप सेल ने एसपी डॉ. जगदीश चन्द्र, एसपी हल्द्वानी मनोज कत्याल के मार्गदर्शन तथा सीओ ऑपरेशन/हल्द्वानी अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण में उपनिरीक्षक मीनू गौतम के नेतृत्व में शिकायतकर्ताओं द्वारा उपलब्ध कराए गए IMEI नंबरों को CEIR पोर्टल के माध्यम से ट्रैक किया। तकनीकी विश्लेषण और विभिन्न राज्यों की पुलिस के सहयोग से उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, जम्मू-कश्मीर, मध्य प्रदेश, झारखंड, कर्नाटक, तमिलनाडु, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के विभिन्न जिलों से मोबाइल फोन बरामद किए गए।
बरामद मोबाइलों में 4 आईफोन, 35 सैमसंग, 59 ओप्पो, 10 वनप्लस, 26 रियलमी, 50 वीवो, 10 मोटोरोला, 10 इनफिनिक्स, 19 रेडमी, 14 पोको, 5 लावा, 3 आईक्यू, 6 टेक्नो और 5 आईटेल ब्रांड के फोन शामिल हैं। अपने खोए हुए मोबाइल वापस मिलने पर सभी लाभार्थियों ने नैनीताल पुलिस और एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी का आभार व्यक्त किया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, CEIR पोर्टल मोबाइल के IMEI नंबर के आधार पर गुम या चोरी हुए फोन को ब्लॉक और ट्रैक करने की सुविधा प्रदान करता है। पिछले कुछ वर्षों में देशभर की पुलिस इकाइयों द्वारा इसी तकनीक के माध्यम से हजारों मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को लौटाए गए हैं, जिससे साइबर और तकनीकी पुलिसिंग को नई मजबूती मिली है।
इस सराहनीय कार्य के लिए एसएसपी नैनीताल ने मोबाइल रिकवरी टीम—उपनिरीक्षक मीनू गौतम, कांस्टेबल किशन सिंह कुंवर और कांस्टेबल रामचन्द्र प्रजापति—को 2,500 रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की है।


Chief Editor, Aaj Khabar
