New Delhi: सीपी राधाकृष्णन ने शुक्रवार को देश के 15वें उपराष्ट्रपति के रूप में शपथ ग्रहण की। राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उन्हें पद की शपथ दिलाई। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
समारोह में पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ भी पत्नी के साथ नजर आए। गौरतलब है कि उन्होंने 21 जुलाई को अचानक स्वास्थ्य कारणों का हवाला देकर पद से इस्तीफा दिया था। इस्तीफे के बाद यह पहला मौका था जब वे सार्वजनिक रूप से दिखाई दिए। शपथ ग्रहण समारोह के दौरान धनखड़ पूर्व उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू और हामिद अंसारी के साथ पहली पंक्ति में बैठे थे। हालांकि, उनके अचानक चले जाने से सरकार और विपक्ष के बीच टकराव बढ़ गया। विपक्ष का आरोप है कि केंद्र ने धनखड़ को स्वास्थ्य कारणों का बहाना बनाकर जबरन पद छोड़ने पर मजबूर किया।
उपराष्ट्रपति चुनाव में एनडीए उम्मीदवार राधाकृष्णन ने 452 मत हासिल कर जीत दर्ज की, जबकि विपक्षी उम्मीदवार बी. सुदर्शन रेड्डी को 300 वोट मिले। राधाकृष्णन दो बार कोयंबटूर से भाजपा सांसद रह चुके हैं और पार्टी की तमिलनाडु इकाई की कमान भी संभाल चुके हैं। उनका राजनीतिक सफर जनसंघ से शुरू होकर भाजपा तक पहुंचा है।
राधाकृष्णन की जीत पर पूर्व उपराष्ट्रपति धनखड़ ने पत्र लिखकर बधाई दी थी। उन्होंने कहा था कि इस प्रतिष्ठित पद पर उनकी नियुक्ति राष्ट्र के प्रतिनिधियों के विश्वास और भरोसे को दर्शाती है और उनके नेतृत्व में यह पद और अधिक सम्मान व गौरव प्राप्त करेगा।

Chief Editor, Aaj Khabar

