Rudrapur: रुद्रपुर में पंतनगर थाना पुलिस ने सवारी से लूट और मारपीट करने वाले तीन आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान दो आरोपियों के पैरों में पुलिस की जवाबी फायरिंग में गोली लगी, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इलाज के बाद तीनों को कोर्ट में पेश किया जाएगा। तीनों आरोपी पहले भी लूट और चोरी के मामलों में जेल जा चुके हैं।
17 नवंबर की रात लालकुआं निवासी रजत गुप्ता दिल्ली से रुद्रपुर पहुंचे थे और एक ऑटो में बैठे। ऑटो चालक समेत चार लोगों ने टाटा कंपनी के गेट नंबर 6 के पास उनके साथ मारपीट कर मोबाइल और नकदी लूट ली और फरार हो गए। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की और सीसीटीवी फुटेज में मिले सुरागों के आधार पर आरोपियों की तलाश तेज की।
बीती देर रात पुलिस को सूचना मिली कि तीन आरोपी संजय वन क्षेत्र में देखे गए हैं। पुलिस ने घेराबंदी की, जिसके बाद आरोपियों ने फायर झोंक दिया। जवाबी कार्रवाई में दो आरोपी—अरमान और रेहान, दोनों निवासी वार्ड नंबर 13 रेशमबाड़ी, रुद्रपुर—गोली लगने से घायल हो गए। तीसरा आरोपी चालक सुमित गंगवार निवासी नीलकंठ कॉलोनी, लालपुर कोतवाली किच्छा—सुरक्षित पकड़ा गया।
पुलिस ने आरोपियों से दो तमंचे, कारतूस और खोखे बरामद किए हैं। तीनों आरोपी पूर्व में कई आपराधिक मामलों में जेल जा चुके हैं। एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने जिला अस्पताल पहुंचकर पूरी जानकारी ली।

Chief Editor, Aaj Khabar
