Headlines

Rudrapur: रुद्रपुर गैंगरेप कांड के तीनों मुख्य आरोपी पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार, फायरिंग में एक के पैर में लगी गोली

Rudrapur: रुद्रपुर गैंगरेप कांड के तीनों मुख्य आरोपी पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार, फायरिंग में एक के पैर में लगी गोली
शेयर करे-

॰ गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपियों ने पुलिस टीम पर की फायरिंग

॰ जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में लगी गोली, तीनों मुख्य आरोपी गिरफ्तार

॰ तीनों आरोपियों के कब्जे से अवैध तमंचे और जिंदा कारतूस बरामद

Rudrapur: ऊधम सिंह नगर के चर्चित गैंगरेप प्रकरण में फरार चल रहे तीनों मुख्य आरोपियों को रुद्रपुर पुलिस ने देर रात मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपियों ने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग की, जिसके जवाब में आत्मरक्षा में की गई कार्रवाई के दौरान एक आरोपी के पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि दो अन्य आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस के मुताबिक मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के “अपराध मुक्त देवभूमि” अभियान के तहत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश और सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। सोमवार देर रात बगवाड़ा चौकी क्षेत्र में वाहन चेकिंग के दौरान एक बाइक पर सवार तीन संदिग्ध युवकों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन वे भागने लगे।

पुलिस टीम ने पीछा कर घेराबंदी की तो आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि तीनों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से अवैध तमंचे और जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने बताया कि तीनों आरोपी गैंगरेप मामले में मुख्य वांछित थे और उनकी तलाश सीसीटीवी फुटेज व सर्विलांस के आधार पर की जा रही थी। बरामद अवैध हथियारों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ शस्त्र अधिनियम सहित अन्य संबंधित धाराओं में भी मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी अजय गणपति जिला अस्पताल पहुंचे और घायल आरोपी से पूछताछ की। उन्होंने विवेचना को तेजी से आगे बढ़ाते हुए सभी आवश्यक साक्ष्य जुटाकर आरोपियों के खिलाफ मजबूत चार्जशीट तैयार करने के निर्देश भी दिए। पुलिस का कहना है कि तीनों मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ गैंगरेप प्रकरण में बड़ी सफलता मिली है और अब मामले की विवेचना को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *