Headlines

Rudrapur: उत्तराखंड में मामूली विवाद बना खूनी संघर्ष, किशोर की गोली मारकर हत्या, आरोपी की तलाश में पुलिस

Rudrapur: उत्तराखंड में मामूली विवाद बना खूनी संघर्ष, किशोर की गोली मारकर हत्या, आरोपी की तलाश में पुलिस
शेयर करे-

Rudrapur: रुद्रपुर में मामूली कहासुनी के बाद एक किशोर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना ऊधम सिंह नगर जिले के लालपुर चौकी क्षेत्र के टिब्बा इलाके की है, जहां ट्रांजिट कैंप निवासी विक्रांत बागी गुरुवार शाम टिब्बा क्षेत्र गया था। इस दौरान उसकी किच्छा के सैजनी गांव निवासी एक युवक से किसी बात को लेकर बहस हो गई।

देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने अवैध तमंचे से विक्रांत पर गोली चला दी और मौके से फरार हो गया। गोली लगने के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायल किशोर को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे हल्द्वानी रेफर कर दिया, जहां देर रात उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल में परिजनों और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग को लेकर लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया, जिसके बाद पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को शांत कराया और सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी।

पुलिस ने आरोपी की पहचान कर ली है और उसकी गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की हैं। जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि दोनों के बीच विवाद अचानक हुआ था या इसके पीछे कोई पुरानी रंजिश थी।

सीओ भूपेंद्र सिंह धोनी ने बताया कि आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। दिनदहाड़े हुई इस सनसनीखेज वारदात के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *