Headlines

Almora: अल्मोड़ा की सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण को आयुक्त दीपक रावत का संदेश, राजकीय संग्रहालय और मल्ला महल के समग्र विकास की बनेगी कार्ययोजना

Almora: अल्मोड़ा की सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण को आयुक्त दीपक रावत का संदेश, राजकीय संग्रहालय और मल्ला महल के समग्र विकास की बनेगी कार्ययोजना
शेयर करे-

Almora: कुमाऊँ आयुक्त दीपक रावत ने अपने अल्मोड़ा भ्रमण के दूसरे दिन जनपद की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक पहचान से जुड़े राजकीय संग्रहालय और ऐतिहासिक मल्ला महल का निरीक्षण कर उनके संरक्षण, संवर्द्धन एवं पर्यटन विकास को लेकर अहम दिशा-निर्देश जारी किए।

आयुक्त ने सर्वप्रथम राजकीय संग्रहालय, अल्मोड़ा का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संग्रहालय में सुरक्षित ताम्रपत्रों, प्राचीन मूर्तियों, दुर्लभ सिक्कों और ऐतिहासिक पांडुलिपियों का गहन अवलोकन किया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि ये धरोहरें हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की अमूल्य धरोहर हैं, जिनका वैज्ञानिक पद्धति से संरक्षण और सुरक्षित रख-रखाव सुनिश्चित किया जाना अनिवार्य है।

प्राचीन सिक्कों के निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने उनकी ऐतिहासिक महत्ता पर विशेष प्रकाश डालते हुए निर्देश दिए कि सिक्कों का व्यवस्थित वर्गीकरण किया जाए तथा शोधार्थियों और आगंतुकों के लिए उनकी पृष्ठभूमि की स्पष्ट जानकारी उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने पांडुलिपियों के दीर्घकालिक संरक्षण हेतु आवश्यक तकनीकी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने स्वतंत्रता सेनानी एवं भारत रत्न गोविन्द बल्लभ पंत से संबंधित अभिलेखों की जानकारी प्राप्त की और कहा कि उनके योगदान को नई पीढ़ी तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के लिए संग्रहालय में विशेष प्रदर्शनी एवं सूचना तंत्र विकसित किया जाना चाहिए।

इसके उपरांत आयुक्त ने ऐतिहासिक मल्ला महल का निरीक्षण कर उसके इतिहास और संरचनात्मक स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि मल्ला महल पर्यटन के दृष्टिकोण से अत्यंत संभावनाशील स्थल है। यदि विरासत संरक्षण को सुनियोजित पर्यटन विकास से जोड़ा जाए तो इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नई दिशा मिल सकती है।

आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनपद की ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण, सौंदर्यीकरण और पर्यटन से समेकित विकास के लिए ठोस एवं समयबद्ध कार्ययोजना तैयार की जाए, जिससे अल्मोड़ा की सांस्कृतिक पहचान और अधिक सशक्त हो सके।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र, उपजिलाधिकारी संजय कुमार, प्रभारी निदेशक राजकीय संग्रहालय डॉ. सी.एस. चौहान, उप निदेशक पर्यटन प्रकाश सिंह खत्री, वीथिका सहायक जन्मजेय तिवारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *