Headlines

Champawat: होटल में नौकरी करने वाला चंपावत का बेटा ‘यूनिवर्सल आइडल’ में चमका, दुबई से लंदन तक गूंजेगी बची राम की आवाज

Champawat: होटल में नौकरी करने वाला चंपावत का बेटा ‘यूनिवर्सल आइडल’ में चमका, दुबई से लंदन तक गूंजेगी बची राम की आवाज
शेयर करे-

Champawat: सीमांत जनपद चंपावत के देवीधुरा क्षेत्र के पीपलढींग गांव का युवा गायक बची राम अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर उत्तराखंड का नाम रोशन करेगा। अंतर्राष्ट्रीय सिंगिंग रियलिटी शो ‘यूनिवर्सल आइडल’ के लिए उनका चयन हुआ है, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्साह और गर्व का माहौल है।

पाटी विकासखंड निवासी बची राम का चयन कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच हुआ है। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में करीब 20 देशों के 50 हजार से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया था। इनमें से भारत से केवल 20 प्रतिभागियों को चुना गया, जिनमें बची राम ने भी अपनी प्रतिभा के दम पर स्थान बनाया।

आयोजकों के अनुसार 18 देशों में ऑडिशन प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, जबकि दो देशों में चयन शेष है। प्रतियोगिता का मुख्य चरण दुबई में आयोजित होगा, जबकि ग्रैंड फिनाले लंदन में संपन्न होगा। इसी मंच पर बची राम अपनी गायकी का हुनर वैश्विक दर्शकों के सामने प्रस्तुत करेंगे।

साधारण परिवार से ताल्लुक रखने वाले बची राम वर्तमान में दिल्ली के एक होटल में कार्यरत हैं। सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने संगीत साधना को नहीं छोड़ा और लगातार अभ्यास के बल पर यह उपलब्धि हासिल की।

उनकी सफलता पर जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रवासियों ने हर्ष व्यक्त किया है। सांसद अजय टम्टा ने बची राम को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उन्होंने चंपावत ही नहीं, बल्कि पूरे उत्तराखंड और देश का नाम गौरवान्वित किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *