Almora: अल्मोड़ा भ्रमण पर पहुंचे कुमाऊँ आयुक्त दीपक रावत ने विकास भवन सभागार में जनपद स्तरीय समीक्षा बैठक कर जिला, राज्य एवं केंद्र पोषित योजनाओं की प्रगति का गहन आकलन किया। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की विभागवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि योजनाओं का लाभ समयबद्ध, पारदर्शी और प्रभावी ढंग से अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जाए।
आयुक्त ने कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी स्वीकार्य नहीं होगी। प्रत्येक विभाग लक्ष्य के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करे और वित्तीय वर्ष के शेष समय में लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण किया जाए। निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, समय-सीमा और वित्तीय प्रगति की समीक्षा करते हुए उन्होंने अधिकारियों को नियमित स्थलीय निरीक्षण और मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए।
बैठक में सड़क सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण, लंबित सड़क परियोजनाओं को शीघ्र पूरा करने तथा यातायात सुगमता के लिए प्रस्तावित पार्किंग निर्माण कार्यों में तेजी लाने पर जोर दिया गया। राष्ट्रीय राजमार्गों से संबंधित कार्यों में विभागीय समन्वय बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए।
मुख्यमंत्री घोषणाओं की अद्यतन स्थिति की समीक्षा करते हुए आयुक्त ने सभी घोषणाओं को प्राथमिकता से पूर्ण करने को कहा। साथ ही प्राधिकरण से जुड़ी विकासात्मक गतिविधियों में जनहित को सर्वोपरि रखते हुए नियमानुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
आयुक्त ने पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने और जनपद में सुरक्षित एवं निर्भय वातावरण तैयार करने पर बल दिया। उन्होंने नशा और मादक पदार्थों की चेन तोड़ने के लिए सख्त कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए।
बैठक में पिंक ई-रिक्शा योजना, सखी बाजार, नशा मुक्ति केंद्र, गोवंशों के लिए कन्हावन योजना तथा शिक्षा स्वयंसेवक योजनाओं जैसी पहलों की सराहना की गई।
जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने आयुक्त को आश्वस्त किया कि दिए गए निर्देशों का कड़ाई से पालन कराया जाएगा। मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा ने पीपीटी के माध्यम से जनपद में संचालित योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की।
बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर आर. घोड़के, प्रभागीय वनाधिकारी दीपक सिंह, अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Chief Editor, Aaj Khabar
